नाराज नकुलनाथ कार्यकर्ता के लिए पहुंचे कंट्रोल रुम, पुलिस अधिकारी से बोले डर का माहौल बन रहा है, कार्यवाही न हुई तो सीएम से चर्चा करुंगा, भाजपा नेता पर लगे कांग्रेस कार्यकर्ता की किडनेपिंग का आरोप,

छिंदवाडा: पूर्व सांसद नकुलनाथ एकाएक कांग्रेस नेता और कार्यकर्ताओं के साथ कंट्रोल रुम पहुंचे और पुलिस अधिकारियों से बातचीत की। दरअसल पूर्व सांसद का आरोप था कि उनके कार्यकर्ता को किडनेप किया गया है और इस वारदात को अंजाम देने वाले कोई और नहीं भाजपा के कुछ नेता है। इसमें अमरवाडा के विधायक के करीबी नेता नेमा शामिल है। इसको लेकर उन्होने कार्यवाही करने की बात पुलिस से की। पूर्व सांसद ने पुलिस अधिकारियों से कहा कि जिले में डर का माहौल बन रहा है। यदि कार्यवाही न हुई तो वे उच्चस्तर पर पुलिस अधिकारियों से बात करेंगे। सीएम से भी वे इस बात की चर्चा करने से नहीं चूकेंगे। हालांकि पुलिस अधिकारियों ने पूर्व सांसद को भरोसा दिलाया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। मोबाइल का डाटा भी लिया जाएगा इसके बाद उचित कार्यवाही की जाएगी। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया है कि हर्रई से एक कार्यकर्ता छिंदवाडा पूर्व सांसद नकुलनाथ से मुलाकात करने पहुंचा था, जब वह लौटा तो उसे महल ले जाया गया और उसके साथ मारपीट की गई। इसमें भाजपा के ही कुछ नेता शामिल थे। इस बात की जानकारी कार्यकर्ता ने पूर्व सांसद और संगठन के नेताओं को दी है। फिलहाल पूर्व सांसद के अचानक कंट्रोल रुम पहुंचने से मामले की चर्चा जोरों पर है।