जबलपुर: पूर्व सांसद नकुलनाथ की ताकत जबलपुर में एक बार फिर नजर आई। ये दूसरा अवसर था जब नकुलनाथ इस तरह से छाए हुए थे। संविधान बचाओ रैली से लेकर दिल्ली रवाना होने तक जिस तरह से कार्यकर्ता और नेता उनसे मुलाकात करते दिखाई दिए उससे साफ हो गया कि अब नकुलनाथ रुकने वाले नहीं है। भोपाल में उन्होने अपने पिता पूर्व सीएम कमलनाथ के जन्मदिन और दीपावली मिलन समारोह का आयोजन कर इस बात के संकेत भी दे दिए थे। माना जा रहा है कि वे आगामी आंदोलनों में इसी तरह से नजर आऐंगे। पार्टी सूत्रों का कहना है कि उनकी इस सक्रियता को लेकर हाईकमान भी नजरें जमाए हुए है। हजारों की संख्या में उनके समर्थक भी जबलपुर पहुंचे थे। गौरतलब है कि प्रदेश कांग्रेस में तमाम नेताओं के अपने अपने गुट बने हुए है लेकिन पूर्व सांसद नकुलनाथ ऐसे एक अकेले नेता नजर आए जिनसे सभी गुटों के नेता निकटता रखते है। भोपाल और जबलपुर में दिखाई भी यही दिया। दोनों ही जगहों पर जयवर्धन सिंह से लेकर जीतू पटवारी और उमंग सिंघार तक नकुलनाथ की अगवानी करते और साथ चलते दिखाई दिए। स्थानीय नेताओं में भी इस बात की खासी चर्चां बनी रही। कहा जा रहा है कि आने वाले समय में हो सकता है कि नकुलनाथ की इस सहजता को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से कोई प्लान तैयार किया जाए। फिलहाल कांग्रेस सूत्रों ने बताया कि पूर्व सांसद इसी अंदाज में लगातार प्रदेश में दिखाई देंगे। इसके लिए उन्होने तमाम कार्यक्रम लगभग तय भी कर लिए है।
भोपाल के आंदोलन में रहेंगे मौजूद
सूत्रों ने बताया कि पूर्व सांसद नकुलनाथ भोपाल में आगामी दिनों में होने वाले बडे आंदोलन में भी शिरकत करेंगे। इस आंदोलन में पार्टी के लोकसभा नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत कई दिग्गज शामिल होने जा रहे है। यहां पर भी नकुल अपनी उपस्थिति दर्ज करवाकर ये संदेश देते नजर आऐंगे कि अब वे प्रदेश में अपनी मौजूदगी से कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने का काम करेंगे। गौरतलब है कि पूर्व सीएम कमलनाथ भी पूर्व में इसी तरह से सक्रिय थे। उनकी मौजूदगी में प्रदेश के तमाम नेता उनके साथ नजर आते थे। प्रदेश अध्यक्ष से लेकर सीएम बनने तक कोई भी नेता उनके विरोध में नजर नहीं आता था। वर्तमान में पूर्व सांसद नकुलनाथ भी उनकी तर्ज पर काम करते दिखाई दे रहे है। बहरहाल उनका ये रुख क्या रंग लाएगा, आने वाले समय में साफ हो जाएगा।
कांग्रेस के लिए नकुल जरुरी क्यों
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस में नकुलनाथ के सक्रिय होने के बाद से नए समीकरण बनने लगे है। जो नेता अलग अलग गुटों में नजर आ रहे थे वे एक साथ दिखाई देने लगे है। पूर्व सीएम कमलनाथ का कांग्रेस में अपना कद और प्रभाव है, ऐसे में नकुलनाथ कांग्रेस के लिए जरुरी माने जा रहे है। जानकारों का कहना है कि नकुलनाथ भी प्रदेश की राजनीति में अपनी एक अलग जगह बना चुके है। यदि उनका उपयोग आने वाले समय में होता है कि इस संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता कि गुटीय राजनीति एकजुटता में बदल सकती है।










