भोपाल: बांग्लादेश के हालातों को लेकर चल रही राजनीति में अब मच्छरों और खटमलों की एंट्री हो गई है। दरअसल कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता सज्जन सिंह वर्मा ने कहा था कि जिस तरह से श्रीलंका में लोगों ने सत्ता को पलटा है, इसके बाद बांग्लादेश में ऐसा हुआ है अब भारत की बारी है। सरकार की नीतियों से तंग आकर लोग ऐसा कर सकते है। उनके इस बयान के बाद मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने पलटवार किया है। इंदौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान श्री विजयवर्गीय ने कहा कि बताईए बांग्लादेश जैसा कभी भारत में हो सकता है कि पता नहीं इन खटमलों और मच्छरों को कब अकल आएगी। ये देश शेर और शेरनियों का है। यहां पर ऐसी हालत हो ऐसा सोचना भी नहीं चाहिए। मंत्री विजयवर्गीय के इन बयानों के बाद कांग्रेस ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता ने अपनी प्रतिक्रिया में कहा है कि मंत्री विजयवर्गीय को ये बताना चाहिए कि आखिर इन शब्दों का उपयोग किसके लिए किया गया है। कांग्रेस नेता सज्जन सिंह तो एक बहाना है। इसके पीछे उद्देश्य कुछ और है। इस तरह से सामने आ रहे लगातार बयानों के बाद राजनीति गरमा गई है। मंत्री कैलाश विजयर्गीय के बयानों को लेकर जहां कांग्रेस आक्रामक है वहीं भाजपा के नेता और मंत्रियों ने भी सज्जन सिंह वर्मा के बयानों पर कांग्रेस को घेरने का काम किया है।










