भोपाल में नकुलनाथ की रैली से निकले नए समीकरण, हरीश चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी की मौजूदगी ने दिखाई वजनदारी, विरोधियों की चुप्पी, पूर्व सीएम कमलनाथ भी भोपाल और छिंदवाडा पहुंचेंगे,,,

भोपाल: शनिवार को भोपाल में नकुलनाथ का जलवा देखने को मिला, दीपावली मिलन समारोह और पूर्व सीएम कमलनाथ के जन्मदिन पर आयोजित समारोह में न केवल कार्यकर्ताओं का हुजूम दिखाई दिया बल्कि तमाम दिग्गज एक मंच पर नकुलनाथ के साथ नजर आए। कांग्रेस में राजनीति की इस तस्वीर के अब कई मायने निकाले जा रहे है। कहा जा रहा है कि पूर्व सीएम कमलनाथ की तर्ज पर नकुलनाथ भी राजनीति में अगला कदम बढाने जा रहे है। हालांकि उनका ये पहला कार्यक्रम था। सुबह लगभग ग्यारह बजे जब नकुलनाथ हवाई पट्टी पहुंचे तो प्रदेश भर के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं की भीड में नकुलनाथ कुछ समय तक असहज भी नजर आए लेकिन बाद में वे भी उत्साह में लोगो के अभिवादन को स्वीकार करते दिखे। कांग्रेस में ये पहला अवसर था जब प्रदेश कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी समेत प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी एक साथ एक मंच पर दीपावली मिलन समारोह में कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करते रहे। इस दौरान दिग्विजय सिंह के पुत्र जयवर्धन सिंह भी दिखाई दिए। नकुलनाथ ने अपने प्रेस बयान में साफ कर दिया कि उनका पहला प्यार छिंदवाडा था है और रहेगा। उनके इस बयान को लेकर चर्चाओं का माहाैल बना हुआ है।

चंद दिन बाद भोपाल पहुंचेंगे कमलनाथ

पूर्व सीएम कमलनाथ भी कुछ दिनों बाद भोपाल पहुंचकर प्रदेश भर के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे। उनके दौरे की रुपरेखा तैयार की जा रही है। जिस तरह से पूर्व सीएम और पूर्व सांसद नाथ प्रदेश में सक्रियता बढा रहे है उससे कांग्रेस में उत्साह को लेकर चर्चाऐं तेज हो गई है। खबर ये भी है कि पूर्व सीएम आने वाले समय में छिंदवाडा पहुंचकर कांग्रेस नेताओं से मुलाकात करेंगे। आगामी समय में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी वे रुपरेखा बनाते दिखेंगे। गौरतलब है कि कुछ समय से पूर्व सीएम कमलनाथ छिंदवाडा नहीं आए थे, उनके स्थान पर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने मोर्चा संभाले रखा था।

विरोधियों को जवाब

सूत्रों का कहना है कि पूर्व सांसद ने राजनीति में अपने विरोधियों को इस आयोजन के माध्यम से जवाब दिया है। पूर्व में कुछ नेता इस बात को कहते नजर आए थे कि नकुलनाथ की पकड प्रदेश में नहीं है, इसकी चर्चाएं भी पार्टी के ही चंद नेता करते रहे है लेकिन आयोजन ने साफ कर दिया कि प्रदेश में उनकी महत्ता कैसी है। उधर पूर्व सांसद ने कहा है कि वे भोपाल लगातार आते रहेंगे ताकि कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात करते रहे।