विकास कार्याें के लिए महापौर को अब टोली की जरुरत, भाजपा में नए प्रयोग से पार्षदों में नाराजगी बढने के आसार, पार्षदों के बीच कानाफूसी तेज, सुपर महापौर बनने की तैयारी में नेताजी,,,

छिंदवाडा: भाजपा में हाल ही में निगम की राजनीति को ध्यान में रखते हुए एक टोली बनाई गई है। टोली में जिस तरह के नामों का जिक्र है उसने कई पार्षदों के माथे पर चिंता की लकीरें खींचने का काम किया है। पार्षदों को एकजुट रखने की कवायद कर रही भाजपा को इस नए प्रयोग से एक बार फिर गुटबाजी के दौर से गुजरना पड सकता है। बताया जा रहा है कि जैसे ही टोली के नामों की घोषणा हुई, कई पार्षदों ने अपनी नाराजगी जाहिर करना शुरु कर दी। खबर तो ये भी है कि महापौर भी इससे नाखुश है। हैरान करने वाली बात ये है कि महापौर स्वयं ही निगम पर निगरानी का अधिकार रखते है फिर उन्हें टोली में शामिल करने की आवश्यकता क्यों पडी। सूत्रों की मानें तो सारा मामला सर्किट हाउस में तय किया गया है। यहां पर जब कुछ पार्षदों ने अधिकारियों की शिकायत की तो वहां मौजूद पदाधिकारियों ने इससे निपटने नया तरीका अपना लिया लेकिन उन्हें इस बात का भान नहीं था कि ये नया तरीका उनके लिए मुसीबत साबित हो सकता है। वर्तमान में जिन नामों को शामिल नहीं किया गया है वे खफा है। सूत्रों की मानें तो वे आने वाले समय में पार्टी आलाकमान के सामने अपनी बात रख सकते है। फिलहाल भाजपा में निगम की ये टोली पॉलिटिक्स क्या रंग लाएगी आने वाले समय में साफ होगा।

सुपर महापौर बनने की तैयारी में नेताजी

सूत्र बताते है कि टोली में शामिल एक नेताजी सुपर महापौर बनने की तैयारी में है। हालांकि इसको लेकर पार्षदों का एक गुट विरोध में है। बताया जा रहा है कि ये नेताजी महापौर से कुछ समय से दूरियां बनाए हुए है। कुछ समय पहले निगम में सुर्खियां बटोरने वाले नेताजी को लेकर अब चर्चाओं का माहौल बना हुआ है। बहरहाल महापौर और उनके कुछ साथ इस निर्णय से खफा नजर आ रहे है।