भोपाल: पूर्व सीएम कमलनाथ अपनी राजनीतिक विरासत अपने पुत्र नकुलनाथ को सौंपने जा रहे है, और इसको लेकर भोपाल में चौदह तारीख को आयोजन हाेने जा रहा है, इन अटकलों पर पूर्व सांसद नकुलनाथ ने विराम लगा दिया है। उन्होने कहा है कि वे कोई विरासत लेने नहीं आ रहे बल्कि पूर्व सीएम और अपने पिता कमलनाथ के जन्मदिन और दीपावली मिलन समारोह में कांग्रेस के नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने पहुंच रहे है। इसके लिए स्वयं कमलनाथ ने उन्हें दिशा निर्देश दिए थे। पूर्व सीएम का मन था कि वे स्वयं भोपाल में कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच रहे लेकिन पूर्व निर्धारित कार्यक्रमों के चलते ऐसा नहीं हो पा रहा। यही वजह थी कि उन्होने अपने पुत्र नकुलनाथ को इसके लिए भोपाल जाने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि इस आयोजन में पूर्व सीएम खुद भी नजरें बनाए हुए है। पूर्व सांसद नकुलनाथ भोपाल में प्रदेश भर के तमाम नेताओं से मुलाकात कर उन्हें न केवल दीपावली की बधाई देंगे बल्कि उनके साथ स्नेह भोज भी करेंगे। गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों से ये अटकलें जोरों पर थी कि आयोजन के बहाने पूर्व सीएम कमलनाथ अपनी राजनीतिक विरासत अपने पुत्र को सौंपने जा रहे है, लेकिन इन अटकलों पर अब विराम लग गया है। पूर्व सीएम ने अपने संदेश में साफ किया है कि वे जीवन भर लोगों की सेवा करते रहेगें। इतना ही नहीं कांग्रेस परिवार के बीच जल्दी ही पहुंचेंगे। खबर ये भी है कि वे दिसंबर में छिंदवाडा दौरे पर आ सकते है। इसको लेकर कार्यक्रम तय किए जा रहे है।
भोपाल में लगेगा जमावडा, हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद
सूत्रों की मानें तो कल भोपाल में कांग्रेस के तमाम नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावडा होगा। इसमें बडी संख्या में कार्यकर्ताओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके साथ ही सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। स्वयं कमलनाथ भी अपना संदेश देकर ये साफ कर चुके है कि ये आयोजन उनके पुत्र नकुलनाथ दीपावली और उनके जन्मदिन को लेकर कर रहे है, इसके किसी तरह से मायने न निकाले जाए। बहरहाल भोपाल में नाथ के निवास पर इसकी भव्य तैयारियां होने की खबरें सामने आ रही है।










