अकेले चलने के मूड में कांग्रेस के एक विधायक, साेशल मीडिया के बधाई संदेश में गायब की अपने नेता की तस्वीर, भोपाल में एक गुट विशेष के चक्कर में खुद को जिले का नेता बनाने कहीं जमीन तो तैयार नहीं कर रहे,,,,

छिंदवाडा: इन दिनों कांग्रेस के एक विधायक जमकर चर्चाओं में है। कोयलांचल के ये विधायक इसलिए भी चर्चाओं में आ गए है क्योंकि इन दिनों वे एकला चलो रे की राजनीति कर रहे है। कुछ दिनों पूर्व सोशल मीडिया पर नव वर्ष पर बधाई संदेश का एक पोस्टर इन्होने डाला, इसके बाद कांग्रेस के स्थापना दिवस का पोस्टर वायरल हुआ, इसमें केवल विधायकजी की ही तस्वीर नजर आ रही थी। अपने नेताजी को वे इस तरह भूल गए मानों वे स्वयं अब जिले के सर्वमान्य नेता बन चुके है। विधायकजी के बारे में पूरे जिले में ये चर्चा आम है कि वे सांसद के लिए प्रयास कर रहे है। अभी से इसकी भूमिका भी तैयार की जा रही है। अपने क्षेत्र से जमीन तैयार कर रहे ये विधायक भोपाल में एक गुट के सघन संपर्क में है। हालांकि वे इस बात को जरुर कहते है कि इसके लिए उन्होने दिल्ली पूछ लिया है लेकिन जो कुछ हो रहा है उससे साफ है कि आने वाले समय में ये नेताजी अपने नेता को भी पीछे छोडने की योजना बना रहे है। उनके समर्थक गाहे बगाहे ये भी कहते नजर आ रहे है कि यदि सीट आरक्षित हुई तो भैया के अलावा कोई दूसरा नहीं है। भोपाल भी इसके लिए तैयार हो गया है। इन परिस्थितियों में ये माना जा रहा है कि विधायकजी किसी बडे कदम के चक्कर में है। कांग्रेस के कुछ नेता भी इससे इत्तेफाक रखते है। अपने नेताजी के प्रति आस्था जताने वाले विधायकजी के मन में क्या है ये तो वे ही जाने लेकिन ये जरुर माना जा रहा है कि बडी अपेक्षा लिए ये अपनों के लिए बडा खतरा बनने तैयार है।