भोपाल: भाजपा में पिछले दिनों से चल रहे नारे वाले मामले को लेकर आलाकमान ने नाराजगी जताई है। पार्टी सूत्रों के अनुसार इस मामले में भाजपा जिलाध्यक्ष को भोपाल तलब किया गया था, इस दौरान सांसद विवेक बंटी साहू भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा ने भाजपा जिलाध्यक्ष को फटकार लगाई है और साफ कर दिया कि इस तरह से सार्वजनिक बयानबाजी करना उचित नहीं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष और संगठन महामंत्री ने एक स्वर में भाजपा जिलाध्यक्ष से इस प्रकरण पर स्पष्टीकरण भी मांगा। सूत्रों का कहना है कि पार्टी आलाकमान ने दोनों को एक साथ मिलकर काम करने की समझाईश दी है। गौरतलब है कि कुछ दिनों पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने भैया में भैया वाले नारे को लेकर एक कार्यक्रम में आपत्ति दर्ज कराते हुए मंच से ये तक कह दिया था कि आदमी इतना चढ जाता है कि फिर अंतिम समय में चार भी नहीं मिलेंगे। इस बात को लेकर भाजपा आलाकमान के पास कुछ नेताओं ने शिकायत की थी। इसके अलावा सोशल मीडिया और माध्यमों से ये मामला भोपाल से लेकर दिल्ली तक सुर्खियों में रहा था। इसके बाद आलाकमान ने कुछ वरिष्ठ नेताओं से चर्चा भी की थी। बताया जा रहा है कि मामले मे आलकमान ने साफ कर दिया है कि संगठन और सत्ता काे आपसी तालमेल से काम करने की आवश्यकता है। किसी को एक दूसरे के खिलाफ टिप्पणी करना उचित नहीं है। खबर ये भी है कि आलाकमान इस मामले में इसलिए भी नाराज है कि कांग्रेस नेताओं ने इसे जमकर उछाला है। ऐसे में भाजपा जिलाध्यक्ष को लेकर आलाकमान खफा नजर आया। बहरहाल मामले को शांत तो करवा दिया गया है लेकिन आने वाले समय में इसपर कितना अमल होता है ये देखने वाली बात होगी।
लंबे समय से चल रहा विवाद
भाजपा में गुटबाजी का ये विवाद काफी लंबे समय से चल रहा है। संगठन और सत्ता के बीच बढती खाई से आम कार्यकर्ता और नेताओं में भी चर्चाओं का माहौल बना हुआ था, वे असमंजस में थे। अचानक सामने आए इस घटनाक्रम के बाद बात सार्वजनिक हो गई थी, यही वजह रही कि आलाकमान को हस्तक्षेप करना पडा। खबर है कि कुछ दिनों बाद भाजपा संगठन और सत्ता के बडे नेता इस विवाद को पूरी तरह खत्म करने यहां आ सकते है। हालांकि इस मामले में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने कुछ भी कहने से इंकार किया है।









