सीएम ने कहा दो कौडी के है प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, टपोरी लाल देख रहे है मुंगेरी लाल के हसीन सपने, पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया पलटवार, कहा सरकारें विकास के लिए नहीं नर्सिंग घोटाले के लिए पहचान रखती है, जीतू पटवारी बोले जवाब देंगे लेकिन मर्यादा में रहकर, खबर में पढिए सीएम का पूरा बयान,,,

भोपाल: हाल ही में सीएम मोहन यादव के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को लेकर दिए गए बयान पर तमाम कांग्रेस नेता आंदोलन की तैयारी कर रहे है। दरअसल सीएम ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष को एक जनसभा के दौरान दो कौड़ी का अध्यक्ष बताया था। साथ ही कहा था कि वे मुझे अभिनंदन लाल कहते है, खुद टपोरी लाल है। इसके अलावा सीएम यादव ने उन पर जमकर हमला बोला था। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पर हुए इस जुबानी हमले के बाद कांग्रेस जवाब देने की तैयारी में है। हालांकि कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा है कि वे अभद्र और अमर्यादित शब्दों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। उन्होने कहा कि जनता इसका जवाब देगी। 

क्या कहा था सीएम मोहन यादव ने

वो कहते है अभिनंदन लाल। अभिनंदन लाल, हां हम तो है ही अभिनंदन लाल, तुम टपोरी लाल,,, ढपोर शंख जितने नाम याद करोगे सब तुम पर ही लागू होने वाले है। सरकार के साथ काम करने के लिए दम चाहिए बेटा दम, जो तुमको चार जन्म नहीं मिलने वाला है। सरकार के माध्यम से ये मुँह और मसूर की दाल, जरा आईना देख लो चेहरा, किस दुनिया में आप हो। हमारी सरकार काम करना भी जानती है और नाकाम से निपटना भी जानती है। जिसके यहां से लोकसभा का उम्मीदवार भाग जाए, ऐसा अध्यक्ष नहीं देखा। जो चालीस हजार से हारा वो प्रदेश अध्यक्ष , कांग्रेस को कोई और नाम नहीं मिलता। मुबारक हो ऐसा अध्यक्ष आपको। जिसका नेता अपनी विधानसभा नहीं बचा पाया वो प्रदेश अध्यक्ष, जिसका नेता प्रदेशाध्यक्ष होकर अपने लोकसभा क्षेत्र में कांग्रेस का प्रत्याशी खड़ा नहीं कर पाया वो कांग्रेस का प्रदेश अध्यक्ष। मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे है कि हम सरकार बनाएंगे, अरे तुम्हारे जैसे बीस साल और आ जाए प्रदेश में कोई दाल गलने वाली नहीं है। जीतू पटवारी माफी मांगे अपने पूर्वजों के नाम पर कांग्रेसी नेताओं के लिए। उछल कूद बंदर करता है उससे शिकार की अवस्था पर फर्क नहीं पडता। जब देश पर संकट आए तो नेता प्रतिपक्ष भाग जाए, जब प्रदेश मे विकास की बयार चले तो दो कौड़ी का प्रदेश अध्यक्ष हाय रे हाय रे करता फिरे। आजादी के बाद से आपने कांग्रेस का ऐसा रद्दी अध्यक्ष नहीं देखा होगा। 

पूर्व सीएम कमलनाथ ने किया पलटवार

इस प्रदेश के सीएम मोहन यादव के बयान को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ ने पलटवार किया है। उन्होने कहा है कि भाजपा सरकारें मेडिकल कॉलेज के लिए नहीं, व्यापम और नर्सिंग घोटाले के लिए कुख्यात हैं। मेडिकल कॉलेज छिंदवाड़ा में चल रहा है, जो मेरी सरकार में शुरू हुआ था। विकास देखना है तो कभी अच्छे मन से छिंदवाड़ा आइए।धार्मिक आचरण समझना है तो बजरंगबली की सबसे ऊँची मूर्ति के सिमरिया में दर्शन करिए। महाकाल कॉरिडोर भी मेरी सरकार में शुरू हुआ था। सत्ता का घमंड ना करिए। 2018 में हम सब ने मिलकर भाजपा को हराया था। भाजपा 2020 में जनता नहीं, लोकतंत्र की हत्या से सत्ता में आयी थी।  2023 में भी आप लोग वोट चोरी से जीते हो।  भाजपा का षड्यंत्र बेनकाब हो चुका है। जनता भाजपा की विदाई का मन बना चुकी है, इसलिए ख़ुशी ख़ुशी सामान बाँधना शुरू कर दीजिए।