भोपाल: राजस्थान के पंचायत चुनाव में भाजपा को झटका क्या लगा कांग्रेस की बांछे खिल गई। कांग्रेस प्रदेश में भी जीत की संभावनाओं को तलाशने लगी। हालांकि पहले से ही कांग्रेस इसको लेकर सकारात्मक थी, लेकिन अब इन संभावनाओं को पर लग गए। इन सबके चलते कुछ नेता सीएम पद को लेकर इस कदर लालायित हो गए कि वरिष्ठों को निशाने पर लेने से नहीं चूक रहे। हाल ही में अजय सिंह राहुल का बयान इन सबमें सुर्खियां बटोर रहा है। वे पूर्व सीएम कमलनाथ से लेकर दिग्विजय सिंह को तक सत्ता जाने के लिए जिम्मेदार ठहराते नजर आने लगे है। बयान भी दे रहे है। सूत्रों का कहना है कि इन सबके पीछे कुछ पक रहा है। खबर तो ये भी है कांग्रेस में सबसे महत्वपूर्ण माने जाने वाले नेता पूर्व सीएम कमलनाथ को लेकर उनके विरोधी अपने समर्थकों से बयानबाजी करवा रहे है। वे इस बात को जानते है कि चुनाव में वे किस भूमिका में हो सकते है। गौरतलब है कि पूर्व सीएम कमलनाथ के पुत्र नकुलनाथ ने हाल ही में दीपावली मिलन समारोह में प्रदेश भर के नेताओं को आमंत्रित किया था, इसके बाद से राजनीतिक हालात गरमा गए। उनके निवास पर जिस तरह से कार्यकर्ताओं और नेताओं की भीड उमडी उससे विरोधियों को सकते में डालने का काम किया था, इसे भी बयानबाजी की बडी वजह माना जा रहा है। सूत्रों का कहना है कि बयानवीर ये नेता और उनके समर्थक चाहते है कि कहीं न कहीं सत्ता आने पर उन्हें सीएम या फिर उसके समतुल्य पद दिया जा सकें। अभी सूत न कपास वाले हालात है, बावजूद इसके उनके अरमान कम नजर नहीं आ रहे। उधर दूसरे नेताओं में भी इसको लेकर रस्सा कशी दिखाई देने लगी है। स्वयं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी हो या फिर उमंग सिंघार सभी के समर्थकों को ऐसा माहौल तैयार कर दिया है मानों सत्ता अभी आई और अभी कुर्सी मिली। ऐसे हालातों में कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता परेशान है। चुनाव के पहले ही बने ये हालात भले ही उत्साह को दिखाने का काम कर रहे हो लेकिन इसमें सिर फुटौव्व्ल की स्थितियां बने इससे इंकार नहीं किया जा सकता। अभी जबलपुर और भोपाल में बडे आंदोलनों की तैयारी कांग्रेस कर रही है। हो सकता है कि इस दौरान दिल्ली से आने वाले नेता समझाईश देने का काम करें। फिलहाल नेताओं के बीच सीएम की लडाई में मैदान के चौपट होने की संभावनाएं तेजी से चर्चाओं में बनने लगी है। यदि हालातों पर नियंत्रण न रहा तो ये तय माना जा रहा है कि जीत की संभावनाएं क्षीण होती नजर आने लगेगी।










