कांग्रेस में रेस्टोरेंट पॉलिटिक्स तेज, कार्यालय की जगह रेस्टोरेंट में मनाए जा रहे नेताओं के जन्मदिन, फिर शुरु हुआ गुटबाजी का दौर, वरिष्ठ नेता ही बन रहे टूल, शहर में कार्यकर्ताओं के बीच चर्चाएं शुरु,,

छिंदवाडा: कांग्रेस में एक बार फिर दुकान या रेस्टोरेंट पॉलिटिक्स शुरु होती नजर आने लगी है। ऐसा इसलिए भी नजर आ रहा है क्योंकि हाल ही में सामने आई तस्वीरों ने इस बात के संकेत देने शुरु कर दिए है। मामला था एक प्रकोष्ठ के नेताजी के जन्मदिन का। पहले तो उन्हें ससम्मान रेस्टोरेंट में बुलाया गया, ये रेस्टोरेंट राजीव भवन यानी कांग्रेस कार्यालय से चंद मीटर की दूरी पर है। फिर केक काटा गया और जन्मदिन मनाकर तस्वीरें वायरल की गई। इन तस्वीरों ने गुटबाजी के नए दौर के संकेत देने शुरु कर दिए है। सूत्रों का कहना है कि पूरा मामला शहर में शुरु हुई गुटबाजी का है। शहर कांग्रेस में तेजी से उभर रहे नेताओं को लेकर एक गुट अपनी अपनी ढफली अपना अपना राग का संदेश देने को तैयार है। सूत्रों का कहना है कि इस गुटबाजी को भाजपा के एक बडे नेता पूरी तरह संरक्षण दे रहे है। खबर ये है कि भाजपा के ये नेता इस बात से परेशान है कि शहर में कांग्रेस अचानक एकजुट कैसे होने लगी। यही वजह है कि उन्होने इस तरह से हवा देना शुरु कर दिया है। हैरानी की बात ये है कि जन्मदिन मनाने कांग्रेस के ही एक जिम्मेदार नेताजी भी पहुंच गए, जबकि वे चाहते तो जिला कांग्रेस भवन में बुलाकर इस आयोजन को कर सकते थे। फिलहाल पिछले कुछ दिनों से चल रही इस तरह की हरकतों को लेकर कार्यकर्ता असमंजस में नजर आ रहा है।

पूरी कवायद विधायक के लिए

सूत्र बताते है कि पूरी कवायद विधायक प्रत्याशी बनाए जाने के लिए चल रही है। अभी दिल्ली दूर होने के बावजूद कांग्रेस के नेता खुद ही गुटबाजी को हवा देने का काम कर रहे है। दरअसल ये नेता पूर्व सीएम कमलनाथ के राज्यसभा में एंट्री की राह देख रहे है, इसके बाद छिंदवाडा विधानसभा में चुनाव होंगे। नेताओं का मानना है कि उन्हें प्रत्याशी बनाया जाएगा और वे चुनाव मैदान में नजर आऐंगै। इसी के चलते इस तरह की गतिविधियां तेज हो गई है। गौरतलब है कि पूर्व सीएम और पूर्व सांसद ने भव्य राजीव भवन बनवाया है। इसमें अलग अलग संगठनों के कक्ष भी बनवाए गए है बावजूद इसके इस तरह की गतिविधियां इस ओर इशारा करती है कि मैं चाहे जो करुं मेरी मर्जी वाली तर्ज पर कांग्रेस के चंद नेता चलने की तैयारी में है।