छिंदवाडा: कांग्रेस में ये पहला अवसर था जब पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का जन्मदिन राजीव भवन में भव्यता के साथ मनाया गया। दरअसल इस बार जिला कांग्रेस के मार्गदर्शन में कमान संभाल रखी थी नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मागो, युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल और समन्वयक राकेश माहोरे ने। आयोजन को जिस तरह से किया गया वह यादगार बन गया। तमाम वरिष्ठ नेताओं ने इस आयोजन में शिरकत की। केक काटने के साथ साथ धर्म गुरुओं ने पूर्व सीएम को अपना आशीर्वाद देकर उनके लिए दुआएं भी की। भवन में ही तमाम मौजूद कार्यकर्ताओं और लोगों को भोजन भी कराया गया। इसी दौरान जिस तरह से आतिशबाजी की गई उसने पूरे शहर में चर्चाओं का माहौल बना दिया। रात में कांग्रेस भवन जगमगा रहा था। दरअसल तीन युवा नेताओं की कैमेस्ट्री ने इस आयोजन को और भव्य बना दिया। इनमें नगर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मागो, जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष गोलू पटेल और समन्वयक राकेश माहोरे शामिल है। इन युवा नेताओं के एक साथ होने से न केवल कांग्रेस में युवाओं के जुडने की बात कही जा रही है बल्कि ये भी माना जा रहा है कि तीनों की टीम आने वाले समय में जे एनजी के साथ साथ आयोजनों में बडी भूमिका निभाते नजर आएगी।
वरिष्ठ नेताओं ने की सराहना
इस आयोजन को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गंगा प्रसाद तिवारी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जमकर तारीफ की। उन्होने कहा कि जिस तरह से युवा नेताओं ने कमान संभाली वह आने वाले समय में अच्छे संकेत है। ये टीम निश्चित तौर पर पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ के लिए समर्पित है, चुनाव में इनकी अहम भूमिका रहेगी। आयोजन के चलते नेताओं ने धर्मगुरुओं का स्वागत और सम्मान भी किया। केक कटिंग सेरेमनी में भी वरिष्ठ और युवा नेता जमकर झूमते नजर आए।
गुटबाज नेता नजर नहीं आए
कांग्रेस भवन में होने वाले इस आयोजन से गुटबाज कुछ नेताओं ने दूरी बनाए रखी। ये मामला चर्चा का विषय बना रहा। इस बात को लेकर वरिष्ठ नेता भी खफा दिखाई दिए। गुटबाज नेताओं की कार्यशैली पर इसलिए भी सवाल खडे हो रहे है कि पूर्व सीएम कमलनाथ को धर्मगुरु आशीर्वचन दे रहे थे तब सभी की मौजूदगी होनी चाहिए थी, इसके साथ ही कांग्रेस भवन संगठन के लिए भी बना है बावजूद इसके इन गुटबाज नेताओं ने अपनी ढफली अपना राग वाली कहावत चरितार्थ की। फिलहाल कांग्रेस में बनी तीन युवा नेताओं की सशक्त टीम से इन नेताओं के माथे पर भी सिकन दिखाई देने लगी है।










