नेताजी की अजीब हरकत से हैरान हुए प्रदेश अध्यक्ष, पार्षद को लेकर पहुंचे थे नेताजी, कहा भैया वार्ड में आ रहा गंदा पानी, निगम के पार्षदों ने जताई नाराजगी, अध्यक्ष से करीबी दिखाने में नहीं छोडी कोई कसर

छिंदवाडा: भैया आप इस पार्षद से मिलिए, वार्ड में गंदा पानी आ रहा है, हमारे यहां निगम में बडी समस्या है। एक नेताजी जब पार्षद को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के पास पहुंचे तो वे हैरान थे। एक प्रदेश अध्यक्ष को शहर के वार्ड की समस्या बताना मौजूद वरिष्ठ नेताओं के लिए भी हैरानी का विषय था। हालांकि प्रदेश अध्यक्ष ने उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और कह दिया कि ये मामला निगम का है, वहां अपने लोगों को बताओ। नेताजी की ये हरकत बता रही थी कि वे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से निकटता दिखाने में कोई कसर नहीं छोड रहे। उन्होने प्रदेश अध्यक्ष के साथ बकायदा रील भी बनाई। कांग्रेस कार्यालय में उनकी हरकतों को देखकर हर कोई हैरान था। निगम के कुछ पार्षदों ने तो यहां तक कह दिया कि यदि इस तरह से हरकतें होंगी तो वे इसकी शिकायत पूर्व सीएम और पूर्व सांसद से करेंगे। कुछ नेताओं का कहना था कि ये नेताजी मुख्यालय का मोह नहीं छोड पा रहे है। पार्षदों के बीच जो समन्वय बना हुआ है उसे तोडने और गडबड करने का प्रयास कर रहे है। इस मामले में या तो निगम के अध्यक्ष या फिर निगम की नेता प्रतिपक्ष से शिकायत की जानी चाहिए थी, लेकिन नेताजी ने अपना महत्व और प्रदेश अध्यक्ष से निकटता बताने के लिए ये हरकत कर डाली। अब पार्षद और कुछ वरिष्ठ इस बात को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ के पास शिकायत करने की तैयारी में है।

भडके पार्षद पति

जिस समय ये शिकायत हो रही थी उस दौरान निगम के पार्षद पति जमकर नाराज हो गए। हालांकि बाद में उन्हें कुछ लोगों ने शांत करवाया। पार्षद पति का कहना है कि सब कुछ एकजुट होकर किया जा रहा है तो फिर पार्षदों के बीच दरार डालने के प्रयास नेताजी क्यों कर रहे है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। फिलहाल नेताजी की ये हरकत उनके लिए क्या रंग लाएगी आने वाले समय में साफ हो जाएगा।