सावधान: उज्जैन में ऑनलाईन बुकिंग के नाम पर बडा खेल, श्रद्धालुओं के साथ हो रही धोखाधडी, पुलिस ने जारी की सूची, ऑनलाईन प्लेटफार्म पर भी लगाई रोक, ग्यारह बेवसाईट पर रोक, कौन सी है वो वेबसाईट,,,

भोपाल: बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से होटल और भक्त निवास की ऑनलाइन बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाले अपराधियों पर बडी कार्यवाही की है। पुलिस ने बुकिंग के नाम पर ठगी करने वाली ग्यारह फर्जी वेबसाईटों और ऑनलाइन प्लेटफार्म को बंद कराया गया है। पुलिस के अनुसार इसके अलावा अन्य वेबसाईटों पर भी नजर रखी जा रही है ताकि आने वाले भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो। पुलिस के अनुसार, महाकाल दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि इंटरनेट पर उपलब्ध कुछ वेबसाइटों के माध्यम से होटल अथवा भक्त निवास में कमरा बुक कराने के नाम पर उनसे ऑनलाइन भुगतान लिया गया, लेकिन उज्जैन पहुंचने पर उनकी कोई वैध बुकिंग नहीं मिली। इससे श्रद्धालुओं को आर्थिक नुकसान के साथ-साथ मानसिक परेशानी और असुविधा का सामना करना पड़ा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उज्जैन के निर्देशन में साइबर सेल ने तकनीकी जांच और साइबर विश्लेषण किया। जांच के दौरान कई फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स की पहचान हुई, जिनका इस्तेमाल लोगों से धोखाधड़ी करने के लिए किया जा रहा था। पुलिस जांच में यह कृत्य सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम 2000 की धारा 43, 66, 66-सी, 66-डी तथा भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 318(4) और 319 के अंतर्गत दंडनीय पाया गया। इसके बाद पुलिस मुख्यालय भोपाल के माध्यम से संबंधित इंटरमीडियरी और प्लेटफॉर्म्स को नोटिस जारी कर इन वेबसाइटों को तत्काल प्रभाव से निष्क्रिय कराने की कार्रवाई की गई।

बंद कराई गई प्रमुख फर्जी वेबसाइटें

mptsamratvikramadityatheheritage.online

mahakaleshwarbhaktniwas.great-site.net

mahakaleshwarbhaktniwas.co.in

shreemahakaleshwarbhaktniwas.co.in

madhavsevanyash.com

shrimahakaleshwarbhaktaniwas.in

shrimahakaleshwarbhaktaniwasuj81.godaddysites.com

shrimahakaleshwarbhaktniwas.co.in

anjusreehotelujjain.info

फर्जी ट्रिप एडवाइजर लिंक। फर्जी जस्टडायल लिंक

पुलिस की अपील

उज्जैन पुलिस ने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों से अपील की है कि होटल, धर्मशाला या भक्त निवास की ऑनलाइन बुकिंग करते समय केवल अधिकृत और विश्वसनीय पोर्टल का ही उपयोग करें। किसी भी अज्ञात मोबाइल नंबर, संदिग्ध वेबसाइट या सोशल मीडिया लिंक पर भुगतान करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांच लें। यदि किसी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होती है तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम पुलिस थाना एवं साइबर सेल से संपर्क करें। ऑनलाइन शिकायत राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल cybercrime.gov.in⁠ पर भी दर्ज कराई जा सकती है। उज्जैन पुलिस ने कहा है कि साइबर अपराधों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।