भोपाल: आने वाली 14 नवंबर को भोपाल में प्रदेश भर के नेता और कार्यकर्ताओं का जमावडा नजर आएगा। पूर्व सांसद नकुलनाथ यहां पर दीपावली मिलन समारोह और पूर्व सीएम कमलनाथ के जन्मदिन पर एक बडा आयोजन करने जा रहे है। इसको लेकर तैयारियां तेज हो गई है। बताया जा रहा है कि आयोजन में प्रदेश भर के तमाम नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ साथ कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया है। पूर्व सांसद इस दौरान तमाम नेताओं से मुलाकात कर चर्चा करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल के कुछ बडे नेताओं को इसके लिए खास जिम्मेदारी भी दी गई है। समारोह के चलते स्नेह भोज का आयोजन भी होगा। खबर ये भी है कि पूर्व सांसद नकुलनाथ स्वयं इस मामले में तैयारियों पर नेताओं से बातचीत कर रहे है। इस आयोजन के बाद पूर्व सांसद प्रदेश में दौरा करते नजर आ सकते है। इसको लेकर विशेष कार्ययोजना तैयार की जा रही है। आगामी समय में होने वाले निकाय और विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस जिस तरह से तैयारी कर रही है इस आयोजन को भी उसी से जाेडकर देखा जा रहा है। सूत्रों ने जानकारी दी है कि नकुलनाथ ने इस आयोजन को लेकर प्रदेश के तमाम वरिष्ठ नेताओं से चर्चा भी कर ली है। उधर पूर्व सीएम कमलनाथ भी आयोजन को लेकर नजरें बनाए हुए है।
नए संकेत और समीकरणों की चर्चा
सूत्रों ने बताया कि इस आयोजन के बाद कांग्रेस में नए समीकरण बन सकते है। इसके साथ ही नई चर्चा भी तेज हो गई है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि पूर्व सांसद नकुलनाथ नई पारी की शुरुआत करते नजर आ सकते है। इसको लेकर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी सहमति दे दी है। यदि ऐसा हुआ तो पूर्व सांसद की भूमिका आगामी चुनाव में बेहद अहम हो जाएगी। उधर पूर्व सीएम कमलनाथ भी लगातार वरिष्ठों से चर्चा कर रहे है। फिलहाल नकुलनाथ की प्रदेश में नई पारी की चर्चाओं ने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं पर विशेष असर छोडा है। अब इसका फायदा कांग्रेस को आने वाले समय में कितना मिलेगा, कहना जल्दबाजी होगी।










