छिंदवाडा: शहर कांग्रेस ने फव्वारा चौक पर गैस की किल्लत और पेट्रोल की कमी को लेकर बडा आंदोलन किया। आंदोलन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना भी दिया। ये पहला अवसर था जब शहर कांग्रेस के कार्यक्रम में पुरानी महिला नेत्रियों के साथ साथ तमाम वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी नजर आई। कांग्रेस नेताओं ने साफ कर दिया कि वे केंद्र और प्रदेश सरकार की गलत नीतियों का खुलकर विरोध करेंगे। शहर कांग्रेस अध्यक्ष सोनू मागो ने केंद्र और प्रदेश सरकार पर जमकर आरोप लगाए। उन्होने गैस की किल्लत और पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर सरकारों को घेरा और कहा कि जिस तरह से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड रहा है वे बर्दाश्त नहीं करेंगे। गैस के लिए लोग कतार में खडे नजर आ रहे है। परेशानियां लगातार बढ रही है। इस दौरान कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने भी केंद्र और राज्य सरकार पर जमकर आरोप लगाए। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने एक ज्ञापन भी जिला कलेक्टर को सौंपा। प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस के जनप्रतिनिधिगण ने बढ़ती महंगाई व जिलेमें व्याप्त अराजकता, दिन प्रतिदिन बिगड़ती सामाजिक व्यवस्था की ओर ध्यानाकर्षण कराते हुए विनम्र आग्रह किया कि प्रस्तुत ज्ञापन में अधो लिखित बिंदुओं पर गौर कर जनहित में तत्काल निर्णय लेकर जिम्मेदारों को दिशा निर्देश दिया जाएताकि समय रहते जनता को महंगाई, कालाबाजारी और रसोई गैस जैसी आवश्यक वस्तु की उपलब्धता समय पर व निर्बाध्य रूप से होती रहे इस दिशा में अविलम्ब व ठोस कदम उठाए ताकि जनता को परेशानियों से राहत मिल सके। बढ़ी हुई कीमतों के साथ ही आम जनता कालाबाजारी का शिकार होकर रसोई गैस दोगुनी कीमतों पर खरीदने को मजबूर है। इसीलिये जनहित में सर्वप्रथम कालाबाजारी को रोकने की दिशा में कार्य करें।
प्रस्तुत ज्ञापन में कांग्रेस ने उठाई यह मांगें
1-वर्तमान की मोहन सरकार द्वारा जारी विज्ञापनों में देश में अग्रणी दिखाया जा रहा है उसी देश के मध्य में स्थिति छिन्दवाड़ा जिला महंगाई, आवश्यक वस्तुओं की अपर्याप्त उपलब्धता व जारी कालाबाजारी से त्रस्त है।
2-वर्तमान में छिन्दवाड़ा जिले में पेट्रोल सादा प्रति लीटर 108 रुपए, पॉवर पेट्रोल 117.29 रुपए एवं डीजल प्रति लीटर 93 रुपयों तक पहुंच चुका है। दाम बढ़े हुए है और उपलब्धता अपर्याप्त है जिसके चलते आम लोगों परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
3-घरेलू उपयोग में आने वाली रसोई गैस के दाम हजार रुपए तक पहुंच चुके हैं। उपलब्धता अपर्याप्त है जिसका फायदा उठाकर जमाखोरी और कालाबाजारी चरम पर है। इस ओर सरकार का जरा भी ध्यान नहीं है और आम आदमी लुट रहा है।
4-यह दुर्भाग्य जनक है कि जिन्हें उज्जवला योजना के नाम पर कनेक्शन दिए गए उन गरीबों ने दोबारा सिलेंडर रिफिल नहीं कराए। आज भी उनका भोजन चूल्हे पर ही पक रहा, किन्तु भाजपा सरकार इस योजना के नाम पर वाहवाही लूटी जा रही।
5वर्तमान समय में भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों एवं अपरिपक्वता के चलते आमजन महंगाई की मार से पहले से ही प्रभावित है उस पर मोदी सरकार द्वारा गैस सिलेंडर के मूल्यों में वृद्धि करके एवं राज्य की भाजपा सरकार द्वारा बिजली दारों में बढ़ोत्तरी करके जनता का जीना कठिन कर दिया है। साथ ही पेट्रोल व डीजल की उपलब्धता भी पर्याप्त मात्रा में नहीं होने से आमजन परेशान है।
6हाल ही में नागपुरछिन्दवाड़ा नेशनल हाईवे पर ग्राम चिखली के पास सीएम मोहन यादव के कार्यक्रम से लौट रही एक यात्री बस दुर्घटना का शिकार हुई थी जिसमें 10 लोगों की मौत हुई है, उनके परिजनों को अभी तक अनुग्रह राशि नहीं मिली है। घायलों के उपचार में सतत रूप से लापरवाही बरती जा रही है।
7-महोदय सरकार के द्वारा लगातार जनता के बीच झूठ परोसा जा रहा है। जनता को हर मोर्चे पर गुमराह किया जा रहा है, जो कि पूर्णत: अनुचित है, इसके लिए सरकार जिम्मेदार है।
8-जिले के त्रस्त किसान न केवल मक्के के समर्थन मूल्य के लिए त्रस्त है बल्कि, बिजली के बढ़े हुए दाम, अघोषित कटौती, पुराने उपकरणों के खराब होने से परेशान है। आम उपभोक्ता भी बिजली के बढ़े हुए मूल्य से परेशान है।
9-महोदय आपको विदित हो की नगरीय क्षेत्रों सहित सम्पूर्ण जिले में अघोषित विद्युत कटौती जारी है। इसके साथ ही आने वाले अनाप शनाप विद्युत बिलों ने हर परिवार का बजट बिगाड़ दिया है, इस पर तत्काल अंकुश लगाया जाए।
10-जिले में महिलाओं से हो रहे दुर्व्यवहार बढ़ती बेरोजगारी की समस्या ने आज एक विकराल रूप ले लिया है, जिस पर तत्काल अंकुश लगाना प्रदेश की जिम्मेदारी है। माननीय हमारे नगरीय क्षेत्र में इन सभी समस्याओं के निदान हेतु होर्डिंग और बैनर तो लगाए गए हैं परन्तु कार्यालयीन प्रक्रियाओं में यह सभी घोषणाएं निरंक है।
प्रस्तुत ज्ञापन के माध्यम से शहर कांग्रेस कमेटी छिन्दवाड़ा गम्भीरतापूर्वक यह निवेदन किया कि सम्पूर्ण मप्र व देश के मॉडल छिंदवाड़ा जिले के साथ यदि केन्द्र व राज्य सरकार यह दुर्व्यवहार करेगी तो निश्चित ही किसानों, मजदूरों, बेरोजगारों व हर वर्ग के पीडि़त व्यक्तियों द्वारा आगामी समय में और एक वृहद आंदोलन किया जाएगा जिसकी जिम्मेदार जिला प्रशासन सहित राज्य सरकार व केन्द्र सरकार होगी। हमें पूर्ण विश्वास है कि आप इन माननीय मूल्यों का गम्भीरतापूर्वक अवलोकन कर त्वरित निर्णय लेंगे।
ज्ञापन प्रस्तुत करते समय जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे, पांढुर्ना जिला प्रभारी श्री गंगाप्रसाद तिवारी, जिला कांग्रेस कार्यवाहक अध्यक्ष श्री सुरेश कपाले, शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सोनू मागो व शहर कांग्रेस के पांच उप ब्लॉक के अध्यक्षगण, नेता प्रतिपक्ष, समस्त कांग्रेस पार्षदगण, शहर कांग्रेस सहित कांग्रेस के समस्त मोर्चा संगठन, विभाग व प्रकोष्ठ व अनुसांगिक संगठनों के पदाधिकारी व कार्यकर्तागण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।










