आक्रामक हुई अपेक्षा, नाथ ने शुरु किया नए और सक्रिय चेहरों पर दांव लगाना, बदलाव की बयार में प्रभावित हो सकते है निष्क्रिय और फोटो खिंचाकर राजनीति करने वाले चेहरे, मैदान में कांग्रेस को कसने शुरु हुई कवायद,,,

छिंदवाडा: पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस में बदलाव की बयार चल रही है। पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ जिस तरह से निर्णय ले रहे है उससे साफ है कि अब सक्रिय और नए चेहरों को मौका दिया जाएगा ताकि मैदान में भागदौड के साथ साथ लोगों के बीच पहुंचा जा सके। सूत्रों का कहना है कि पिछले दिनों नगर कांग्रेस सहित एनएसयूआई में चौकाने वाले निर्णय लेकर नाथ ने सभी को हैरत में डाल दिया था लेकिन अब उसके नतीजों को लेकर चर्चाएं होने लगी है। हाल ही में एनएसयूआई की जिलाध्यक्ष बनाई गई अपेक्षा सूर्यवंशी जिस तरह से आक्रामक नजर आ रही है, उसको लेकर कांग्रेस नेताओं के बीच हलचल तेज है। गौरतलब है कि अपेक्षा सूर्यवंशी ने हाल ही में सरकारी अस्पताल का दौरा कर एक ऐसा खुलासा किया जिसने कई सवाल खडे कर दिए। एनएसयूआई की जिलाध्यक्ष बनने के साथ ही सक्रिय हुई अपेक्षा ने साफ किया है कि वे पूरे जिले में एक नई टीम की तैयारी कर रही है। उधर नाथ के नए चेहरों पर दांव लगाने वाले निर्णय को लेकर आम कार्यकर्ताओं में भी चर्चाएं बनी हुई है।

रिपीट परंपरा को तोडकर बाहर निकली कांग्रेस

पूर्व में कांग्रेस रिपीट परंपरा को लेकर सुर्खियों में रही है। हाल ही में नाथ ने जिस तरह से निर्णय लिए है उससे ये तय हो गया है कि आने वाले समय में नए चेहरों को मौका मिलता रहेगा। दरअसल कहा ये जाने लगा था कि रिपीट परंपरा की वजह से नए चेहरों में इस बात का उत्साह नहीं होता कि उन्हें आगे मौका मिलेगा, लेकिन नाथ जिस तरह से ताबडतोड बदलाव कर रहे है वह आने वाले समय में नए परिवर्तन के संकेत दे रहा है। फिलहाल नाथ के निर्णयों ने कांग्रेस के नेताओं के साथ साथ उन कार्यकर्ताओं को भी संदेश देने का काम किया है कि कल वे भी पद पर आ सकते है।