दिल्ली दौड क्यों लगा रहे युवा नेता, कारण क्या, सिंधिया या बदलाव

  • दो दिन में होना है बैठक
  • युवाओं को जोडने पर रहेगा जोर
  • जिला युवक कांग्रेस में बदलाव पर हो सकती है चर्चा

छिंदवाडा: कांग्रेस के युवा नेताओं का एक समूह इन दिनों दिल्ली की दौड लगाने जा रहा है। बडी संख्या में ये युवा नेता क्यों जा रहे है अभी साफ नहीं हो पाया है लेकिन माना जा रहा है कि जिले की युवा कांग्रेस में परिवर्तन कारण हो सकता है। हालांकि एक कयास यह भी लगाए जा रहे है कि सिंधिया का संभावित दौरा भी इसकी एक वजह हो सकती है। गौरतलब है कि पिछले लंबे समय से कांग्रेस के नेता युवाओं को जोडने की रणनीति पर काम कर रहे है लेकिन ये रणनीति ज्यादा प्रभावी हो ऐसा मैदानी तौर पर नजर नहीं आ रहा। खबर है कि ये युवा नेता जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष को बदलने की मांग भी सांसद नकुलनाथ के समक्ष रखेंगे। इसके लिए वे कुछ नामों का पैनल भी साथ ले जा रहे है। अब ये अलग बात है कि इन नामों पर सांसद राजी होंगे या नहीं। वर्तमान में जिला युवक कांग्रेस अध्यक्ष नीलेश उईके की व्यस्तता के चलते नए अध्यक्ष की मांग उठाई जाने लगी है। कहा ये भी जा रहा है कि दिल्ली में होने वाली बैठक में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा संख्या में कैसे जोडा जाए इसपर विचार विमर्श होगा। बैठक आगामी दो दिनों में होगी और यह दौर लंबा चलने की उम्मीद जताइ जा रही है। इस बैठक पर जिले के वरिष्ठ नेताओं की भी नजरें है। वे भी सांसद नकुलनाथ और पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से इस मसले पर दूरभाष पर चर्चा कर चुके है। बैठक के बाद क्या नतीजा निकलेगा यह कहना अभी जल्दबाजी होगी।

  • सिंधिया भी हो सकते है कारण

सूत्रों का कहना है कि बैठक में ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे को लेकर भी चर्चा होगी। दरअसल छिंदवाडा आ रहे सिंधिया को लेकर यह चर्चाएं चल रही है कि कुछ बडे और युवा चेहरे उनके सामने भाजपा में शामिल हो सकते है और इसी को लेकर आलाकमान की  नजरें बनी हुई है। गौरतलब है कि हाल ही में युवा नेताओं ने सिंधिया के दौरे को लेकर विरोध करने की चेतावनी दी थी। इन नेताओं की इस बयानबाजी के बाद से राजनीतिक माहौल गर्मा गया है। सूत्रों का कहना है कि दिल्ली जा रहे युवा नेताओं ने सिंधिया के दौरे को लेकर भी कुछ रणनीति तय की है जिसपर सांसद नकुलनाथ के सामने विस्तार से चर्चा होगी। युवा नेता क्या करेंगे और क्या रणनीति होगी आने वाले समय में साफ होगा।