छिंदवाडा: जिले में निगम मंडल का ताज किसके सिर होगा, इसपर चर्चाएं गरमाई हुई है। कोई कह रहा है पंडितजी को प्रसाद मिल गया तो किसी ने कहा दीपक की दमक बढने वाली है ताे किसी को भरोसा है कि चंद्रभान चमक सकते है। इन तमाम कयासों के चलते निगम मंडल की सूची का भाजपा कार्यकर्ता और नेता बेसब्री से इंतजार कर रहे है। सूची पंद्रह अगस्त से पहले जारी होने की बात सामने आई है। कहा जा रहा है कि सूची दिल्ली से फाइनल हो चुकी है लेकिन घोषणा स्थानीय नेताओं और पदाधिकारियों से चर्चा के बाद की जाएगी। उधर जिले के वरिष्ठ और प्रभावशाली भाजपा नेता और जनप्रतिनिधि इस मामले में अपने अपने साथियों के लिए जोर आजमाईश कर रहे है। भोपाल के सूत्रों की मानें तो इस बार भाजपा सूची में चौका सकती है। फिलहाल नामों को लेकर राजनीतिक हलकों में आंकलन का दौर चलने लगा है।
पंडितजी का पलडा क्यों भारी
इस मामले में कहा जा रहा है कि सबसे भारी चौरई वाले पंडित का पलडा है। सूत्रों के अनुसार उनके लिए न केवल विवेक बंटी साहू ने हामी भरी है बल्कि भाजपा के जिलाध्यक्ष ने भी अपनी सहमति दे दी है। हाल ही में भोपाल से लौटकर आए पंडितजी खुश तो नजर आए लेकिन इस मामले में कोई चर्चा नहीं की। सूत्रों का कहना है कि भाजपा के नेताओं ने भोपाल में पंडित जी को साफ कर दिया कि किसे बनाया जा रहा है। इतना ही नहीं दिल्ली से सहमति मिलने की बात भी कह दी गई है। फिलहाल पंडितजी के समर्थक खुश है, लेकिन घोषणा तक भाजपा क्या निर्णय लेगी, इसपर किसी तरह का कयास लगाना आसान नहीं होगा।
दीपक भी वजनदार, रोडा कहां
सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस से भाजपा में आए पूर्व मंत्री दीपक सक्सेना भी दावेदारों में वजन रखते है लेकिन कुछ कारण उनके लिए परेशान करने वाले हो सकते है। दरअसल पिछले कुछ दिनों से उनके और सांसद के समर्थकों के बीच खटपट की चर्चाएं सामने आई थी, यही वजह है कि उन्हें विरोध का सामना करना पड सकता है। दूसरी ओर खबर ये भी है कि भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और दावेदारों ने मौन विरोध करके श्री सक्सेना के लिए समस्या खडी करने काम किया है। हालांकि दीपक सक्सेना के समर्थकों का कहना है कि जिले के लिए उनका निगम मंडल में आना जरुरी है। देखना ये दिलचस्प होगा कि दीपक की दमक को भाजपा भोपाल में किस तरह से लेती है।
चंद्रभान की चमक पर भी ग्रहण के संकेत
पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह की चमक निगम मंडल के चयन में कितना प्रभाव डालेगी इसपर कोई कुछ कहने तैयार नहीं है। कहा जा रहा है कि उनके समर्थकों ने इस मामले में आलाकमान से चर्चा भी की है। लंबे समय से राजनीतिक वनवास का सामना कर रहे चौधरी चंद्रभान को निगम मंडल में जगह मिलेगी या नहीं ये तो कहना दूर की कौडी होगी लेकिन उनकी राह में सांसद के साथ साथ दूसरे नेताओं के समर्थक भी रोडा अटका सकते है।










