छिंदवाडा: नगर निकाय और पंचायत चुनाव में हुई करारी शिकस्त के बाद भाजपा संगठन के नेता ऐसा सिर तलाश रहे है जिसपर हार का ठीकरा फोडा जा सकें। हालांकि ये सिर लगभग तय माना जा रहा है लेकिन पुख्ता कारण को लेकर अभी रणनीति तैयार की जा रही है। खबर है कि इन तमाम कारणों से भोपाल में संगठन स्तर के नेताओं को अवगत करवाया जाएगा। हालांकि वे इससे कितना इत्तेफाक रखेंगे अभी कहा नहीं जा सकता, लेकिन कहा जा रहा है कि इस पराजय में संगठन अपनी गलतियों से बच नहीं सकता। इस मामले में प्रत्याशी चयन का मसला उछल सकता है। सूत्रों का कहना है कि जल्दी ही संगठन के नेता इस पराजय को लेकर पत्रकारों से मुखातिब होंगे और ये बताया जाएगा कि आखिर इन नतीजों के लिए जिम्मेदार कौन?
दूसरे खेमे ने भी की तैयारी
निगम चुनाव में संगठन के सामने सबसे बडा सवाल ये भी है कि प्रमुख नेताओं के क्षेत्र के प्रभावी वार्ड में भाजपा को पराजय कैसे और क्यों मिली? दूसरा खेमा ये भी सवाल खडा कर रहा है कि जो वार्ड भाजपा कभी नहीं हारी उसमें पराजय का मुंह कैसे देखने केा मिला, जबकि इस वार्ड में भाजपा संगठन प्रमुख की अच्छी खासी पैठ है। दूसरे खेमे ने भी इस स्थिति को देखते हुए पूरे रिकार्ड के साथ तैयारी की है। इसके अलावा कुछ प्रभावशाली बडे नेता भी भोपाल पहुंचने वाले है और आलाकमान का वास्तविक स्थिति से अवगत करवाऐंगे। बहरहाल भाजपा में चल रही यह उठापटक क्या रंग लाएगी आने वाले समय में साफ हो जाएगा।









