छिंदवाडा: शहर में रहने वाले एक युवा नेता को सरकारी नियमों की कोई परवाह नहीं है। यदि कोई अफसर उनके यहां पहुंचकर बात करें तो वे ऐसे आंखे तरेरते है जैसे अफसर ने ही गलती कर ली हो। ये नेताजी कौन है हम आपको इशारों इशारों में बताते है। तालाब के पास एक मार्ट है, जिसके भवन में तलघर बनाया हुआ है, न तो इसकी अनुमति है और न ही यहां नियमों का कोई पालन होता है, लेकिन मजाल है निगम का कोई अफसर यहां पहुंच जाए। दरअसल पुराने अधिकारियों ने इन्हें छूट दे रखी थी लेकिन अब माना जा रहा है कि निगम उन व्यापारियों की सूची बना रहा है जिन्होने अवैध तरीके से बिना अनुमति के तलघर बना लिया है। जानकार बतातें है कि सत्ता पक्ष से ताल्लुक रखने वाले ये नेताजी अपने व्यवहार को लेकर अक्सर सुर्खियों में रहे है। निगम के अफसर भी यहां जाने से कतराते है। हैरानी वाली बात ये है कि शहर के बीच में स्थित ये भवन निगम के नियमों को ठेंगा दिखा रहा है।
- क्यों नहीं होती कार्रवाई
सूत्रों का कहना है कि सत्ता पक्ष से जुडे होने की वजह से नेताजी के यहां कार्रवाई नहीं होती। पहले कांग्रेस और भाजपा दोनों ही ओर से ये जुडे है। उधर निगम के सूत्रों ने बताया कि इस बार अवैध निर्माण की सूची में इनका भी नाम है, और जल्दी ही निगम इनपर कार्रवाई करके ये संदेश देगा कि अवैध निर्माण मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरुप किसी का भी हो तोड दिया जाएगा। अब देखने वाली बात ये होगी की सीएम के निर्देशों का पालन निगम कैसे करेगा?









