नगर में चल रहे एक दूसरे को निपटाओं अभियान पर नाथ की दो टूक, कहा सब कुछ पता चल जाता है, एडजस्ट करने की राजनीति से रहे दूर, जो बेहतर हो उसपर हो फोकस

छिंदवाडा: नगर कांग्रेस में पदाधिकारियों की नियुक्ति के बाद पहली बार हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ के दौरे ने काफी कुछ साफ कर दिया। बताया जा रहा है कि नगर कांग्रेस की बैठक में नाथ ने पदाधिकारियों को न केवल समझाईश दी बल्कि यह भी साफ कर दिया कि एक दूसरे को निपटाने का अभियान बंद कर दें, क्योंकि उन्हें सब कुछ पता चल जाता है। पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि अब कोई भी पदाधिकारी किसी के इशारों पर काम न करें, केवल वही करें जो संगठन के लिए बेहतर हो। एडजेस्ट करने की राजनीति को बंद करना होगा। गौरतलब है कि पूर्व में कांग्रेस संगठन में एडजस्ट करने की राजनीति चलती रही है। गुट विशेष से अक्सर किसी न किसी अपने करीबी को एडजेस्ट करने की सिफारिश आती रहती थी और बाद में दबाववश उसे संगठन में लिया जाता था। पूर्व मुख्यमंंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ ने स्पष्ट तौर पर कह दिया है कि जो काम करेगा उसे स्थान दिया जाए न कि किसी गुट का होने की वजह से। नाथ के इन तेवरों से साफ हो गया है कि आने वाले समय में संगठन में काफी कुछ बदलाव नजर आएगा।

  • नाथ के तेवरों से कई संकेत

इस बार अपने दौरे के पहले दिन ही पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के तेवरों ने कई नए संकेतों की ओर इशारा किया है। जानकार बताते है कि नाथ अब कांग्रेस में अमूलचूल परिवर्तन देखना चाहते है। और इसी के चलते वे वरिष्ठों के मार्गदर्शन में युवाओं को साथ लेने की रणनीति के तहत काम कर रहे है। जानकारों का ये भी मानना है कि इस दौरे में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ ने उन चेहरों को चेतावनी भी दी जो गाहे बगाहे कांग्रेस को लेकर गलत टिप्पणियां करते रहे है। उधर पहले दिन एक गुट विशेष की उपस्थिति नहीं के बराबर होने को लेकर भी चर्चाएं बनी रही।