छिंदवाडा: विधानसभा चुनाव को चंद महिने शेष है, ऐसे में जहां भाजपा की सत्ता पलटने की तैयारी कर चुके कमलनाथ अपनी टीम के साथ उत्साह से लबरेज नजर आ रहे है वहीं भाजपा के बडे नेता प्रदेश में चल रही गुटबाजी से चिंता में है। चुनाव के पूर्व दोनों ही दलों में उच्च स्तर पर रणनीति बनाने का काम तेज हो गया है, जल्द ही ये मैदानी तौर पर सामने आ जाएगा। कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने तो साफ कर दिया है कि सभी क्षेत्रों में संगठन के पदाधिकारी और विधायक सक्रिय हो जाए, उन्होने यहां तक कह डाला कि किसी तरह के मुगालते में नहीं रहना है। कमलनाथ जानते है कि सतर्कता कितनी जरुरी है और शायद इसलिए कांग्रेस नेताओं को वे ताकीद भी कर रहे है। उधर भाजपा प्रदेश में चल रही गुटबाजी को दूर करने कुछ चुनिंदा नेताओं का सहारा ले रही है। खबर है कि ये नेता जल्दी ही मैदान में नजर आऐंगे। भाजपा के इस प्रयास से गुटबाजी दूर होगी या नहीं अभी कहना जल्दबाजी होगी।

  • भाजपा में सकता है बडा बदलाव

भाजपा के उच्च सूत्रों के अनुसार पार्टी में जल्दी ही बडे बदलाव किए जा सकते है। दरअसल हाल ही में हुई कार्यसमिति की बैठक में इस बात को हवा भी मिली थी। खबर है कि जनवरी के अंत तक भाजपा इस तरह के बदलाव को करने जा रही है। इसमें संगठन और सत्ता दोनों ही शामिल हो सकते है। बदलाव किस स्तर का और कैसा होगा अभी इसकी जानकारी नहीं है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि या तो मंत्री मंडल में फेरबदल किया जा सकता है या फिर संगठन में परिवर्तन किया जाने वाला है। सूत्रों के अनुसार इस मामले में भोपाल में भाजपा की एक बडी बैठक जल्दी ही हो सकती है जिसके बाद ये फैसला लिया जा सकता है।

  • छिंदवाडा में बी और सी के एक होने की खबरें

उधर भाजपा में एक नई हवा चलने लगी है। कहा जा रहा है कि भाजपा के दो ध्रुव बी और सी दोनों को एक कर दिया गया है। इसमें भाउ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हालांकि इसमें कितनी सच्चाई है यह साफ नहीं हुआ है, लेकिन राजनीतिक गलियारों से निकली ये चर्चा कांग्रेस की बेचैनी बढा सकती है। कहा जा रहा है कि लोकसभा और विधानसभा सीटों को लेकर दोनों में समझौता हुआ है, उधर भाजपा के नेता इस मामले में कुछ कहने को तैयार नहीं है। मामला क्या है और इसमें कितनी सच्चाई है आने वाले समय में साफ हो जाएगा।