छिंदवाडा: प्रदेश महिला कांग्रेस में रीना बोरासी की नियुक्ति के बाद इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि तमाम जिले में नए अध्यक्ष जल्दी मिल जाऐंगे। हालांकि पहले ही इसको लेकर पर्यवेक्षकों ने कवायद शुरु कर दी थी। सभी जगहों से नामों की सूची भी भेजी जा चुकी थी, अब इंतजार घोषणा का है। सूत्रों का कहना है कि रीना बोरासी अपने हिसाब से महिलाओं की नियुक्ति करेंगी। इसके लिए सूची पर उनकी मुहर लगेगी, तभी इसे जारी किया जाएगा। बताया जा रहा है कि जो नाम भेजे गए है उनको लेकर कर एक बार फिर विचार हो सकता है। हालांकि जिले को लेकर पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ की सहमति ले ली गई है। सूत्रों का कहना है कि छिंदवाडा से कोई चौकाने वाला नाम सामने आ सकता है। बताया ये भी जा रहा है कि हाल ही में पूर्व अध्यक्ष विभा पटेल ने अपनी टीम तैयार की थी, उसमें भी फेरबदल होगा। हालांकि अभी इसके संकेत नहीं मिले है लेकिन साफ तौर पर कहा गया है कि सुश्री बोरासी अपने हिसाब से टीम तैयार करेंगी। गौरतलब है कि कांग्रेस का फोकस लंबे समय से महिलाओं पर रहा है। महिला वोट बैंक को साधने के प्रयास भी हुए है, लेकिन इसमें पार्टी को कोई खास सफलता हाथ नहीं लगी है। एक बार फिर नई टीम के माध्यम से कांग्रेस महिला वोट बैंक को साधने का प्रयास करती नजर आएगी।
कमजोर महिला संगठन के सहारे कांग्रेस
कांग्रेस लंबे समय से कमजोर महिला संगठन के सहारे चलती रही है। महिलाओं के बीच तनातनी और विवाद की वजह से ऐसे हालात बने है। यही वजह रही है कि महिला वोट बैंक को साधने में कांग्रेस नाकाम रही है। खबर है कि इस बार इसी बात को ध्यान में रखते हुए पार्टी नया प्रयोग कर सकती है। इसके लिए प्रदेश संगठन जल्दी ही निर्णय ले सकता है। सूत्रों की माने तो महिला संगठन में नए अध्यक्ष को कुछ समय पहले पर्यवेक्षक का आना हुआ था, उन्होने महिला नेत्रियों से चर्चा भी की थी लेकिन बाद में मामला सूची पर अटक गया। बहरहाल नई अध्यक्ष बनने के उपरांत फिर से अटकलों का बाजार गरमा गया है। देखना दिलचस्प होगा कि कांग्रेस संगठन महिला विंग को मजबूत करने की कवायद में किस तरह के कदम उठाता है।










