भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के किस इशारे से रोहना में आई रौनक, बिहार के नतीजों के बाद निगम मंडल अध्यक्ष पद के लिए भाजपा का मंथन तेज, नए साल के पहले हो सकती है ताजपोशी, पंडितजी काे भी भरोसा,,,,

छिंदवाडा: लंबे समय से भाजपा में निगम मंडल अध्यक्षों के पद पर नियुक्ति की जानी है। कहा जा रहा था कि कांग्रेस छोड भाजपा में आए नेताओं पर भाजपा मेहरबान हो सकती है, कुछ दिनों तक चर्चाएं जमकर चलती रही, लेकिन बाद में मामला ठंडे बस्ते में चला गया। लगातार चुनाव के चलते कोई नियुक्ति नहीं हो सकी। बिहार चुनाव के बाद एक बार फिर से चर्चाओं को बल मिलना शुरु हो गया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार पूर्व मंत्री और कांग्रेस से भाजपा में आए नेता दीपक सक्सेना को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इस मामले में इशारा किया है। उन्होने कहा है कि उनका मामला लंबित है, हो जाएगा। इस वाक्य में इतना दम था कि रोहना में नई उर्जा आ गई। हालांकि अभी भाजपा नेता कुछ कहने तैयार नहीं है, लेकिन रोहना समर्थकों की मानें तो जल्दी ही ताजपोशी हो सकती है। लगातार लगाए जाने वाले इन कयासों के बावजूद रोहना निगम मंडल अध्यक्ष पद का इंतजार कर रहा है। एक समय तो ऐसा लगा मानों मामला टल गया, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के इशारों के बाद रोहना में रौनक है। खबर है कि तमाम तरीके से तैयारियां भी चलने लगी है। ताजपोशी कब होगी, होगी भी या फिर टल जाएगी, कुछ भी कहना मुश्किल है लेकिन इतना जरुर है कि प्रदेश अध्यक्ष के इशारों को लेकर एक नई उर्जा रोहना समर्थकों में देखी जाने लगी है।

पंडित जी भी कतार में

उधर निगम मंडल अध्यक्ष पद को लेकर पंडित जी भी कतार में है। पंडित जी को ये भरोसा है कि पद उन्हीं की झोली में गिरेगा। यही वजह है कि वे आश्वस्त होकर क्षेत्र में लगे है। हालांकि उन्हें इस तरह का कोई इशारा प्रदेश अध्यक्ष ने नहीं किया लेकिन उनके समर्थकों की मानें तो पहले ही सारी बातचीत हो चुकी है। निगम मंडल की नियुक्ति को लेकर लोकसभा चुनाव के बाद से चर्चाओं का बाजार गरमाया हुआ है। कांग्रेस से भाजपा में आए कद्दावर नेता इस मामले में सबसे ज्यादा परेशान है। भोपाल से लेकर प्रदेश के दूसरे जिले के ऐसे नेताओं के चेहरों पर अब मायूसी ही दिखाई पड रही है। फिलहाल निगम मंडल का ये पद किसकी झोली में जाएगा ये साफ नहीं है। रोहना के साथ साथ पंडितजी का आश्वस्त होना भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं के लिए खासा उत्सुकता का विषय बन गया है।