छिंदवाडा: शहर में इन दिनों एक व्यापारी जमकर चर्चाओं में बना हुआ है। दरअसल मामला कांग्रेस से करोडो की कमाई का है। ये व्यापारी न केवल जमीन में बल्कि उन तमाम कामों में अपना हाथ डालता है जिसमें बडा फायदा उसे नजर आता है। इसके लिए वह बकायदा शिकारपुर की मदद भी लेता है। सूत्रों का कहना है कि इस व्यापारी ने कुछ समय पहले भाजपा की गोपनीय तौर पर सदस्यता भी ले ली है। एक भाजपा नेता ने तो इसकी बकायदा रसीद भी देखी है। इसकी खबर भले ही दिल्ली और भोपाल में न हो लेकिन कांग्रेस के चुनिंदा नेताओं की इसकी पूरी जानकारी है। सूत्रों का कहना है कि इस व्यापारी ने नाथ परिवार की मदद से लंबा चौडा व्यापार बना लिया है। इतना ही नहीं अभी भी ये तमाम कामों के लिए वहां का सहारा लेने से नहीं चूकता। कांग्रेस के नेता इसको लेकर लामबंद हो रहे है। कुछ नेताओं ने तो यहां तक जानकारी दी कि हाल ही में इस व्यापारी ने भाजपा के कुछ नेताओं के साथ गोपनीय तौर पर मुलाकात भी की है। यही वजह है कि कांग्रेस के स्थानीय नेता उसको लेकर बेहद नाराज है। बताया जा रहा है कि इस व्यापारी ने पहले ही एक जमीन का सौदे में करोडो के वारे न्यारे किए थे। उस दौरान कांग्रेस की सरकार थी जब इस जमीन को उसने औने पौने दाम में खरीद लिया था। इतनी बडी रकम को हासिल करने के बाद ये दूसरे व्यापार में भी अपनी रुचि दिखा रहा है। मामले में सुर्खियों में आए इस व्यापारी को लेकर कांग्रेस नेता इस बार नाथ परिवार से शिकायत करने के मूड में नजर आ रहे है।
लोकसभा चुनाव में मिल चुका धाेखा
कांग्रेस को पहले ही कई व्यापारियों ने लोकसभा चुनाव के चलते धोखा दिया है। गंज के अनेक व्यापारी कांग्रेस छोडकर भाजपा में शामिल हो चुके है। इस दौरान कांग्रेस को बडा झटका लगा था। ये वे व्यापारी थे जिन्होने कांग्रेस शासनकाल में जमकर फायदा उठाया था। इनमें वे व्यापारी भी थे जो कभी कांग्रेस के बैनर और पोस्टरों में अपना नाम खुलकर लगा लेते थे। अब वे इसके ठीक उलट काम कर रहे है। भाजपा ने इन व्यापरियों को पूरी रणनीति के साथ पार्टी में मिला लिया था। हाल ही में इस व्यापारी के सुर्खियों में आने से इस तरह की संभावनाएं फिर बलवती हो रही है। भाजपा नेता इस मामले में ये कहते नहीं थकते कि आने वाले समय में बहुत कुछ नया होगा। उधर कांग्रेस के लिए इस तरह की घटनाएं परेशानी वाली साबित हो सकती है।










