छिंदवाडा: पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रदेश में सक्रियता को लेकर कई मायने निकाले जा रहे है। दरअसल हाल ही में छिंदवाडा दौरे के दौरान नकुलनाथ नरसिंहपुर के साथ साथ इंदौर और सलकलपुर में जिस तरह से कार्यकर्ताओं से मिले उसने नई चर्चाओं को जन्म देने का काम किया है। इन सभी जगहों के कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी के साथ स्वागत भी किया। पार्टी सूत्रों की मानें तो नकुलनाथ आने वाले समय में प्रदेश के अलग अलग जिलों में सक्रियता दिखाते नजर आऐंगे। बताया जा रहा है कि कुछ जिलों के कार्यकर्ताओं ने तो उनका कार्यक्रम भी मांगा है। हालांकि आने वाले समय में वे कहां दौरा करेंगे अभी साफ नहीं है लेकिन कांग्रेस के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने पहले ही साफ कर दिया था कि प्रदेश के ऐसे कई जिले है जहां कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नकुलनाथ की मौजूदगी उनके जिलों में चाहते है। जानकारों का कहना है कि पूर्व सीएम कमलनाथ सभी जगहों पर अपनी उपस्थिति फिलहाल नहीं दे पा रहे है, ऐसे में पूर्व सांसद नकुलनाथ को पार्टी आलाकमान ने ये जिम्मेदारी संभालने के लिए कहा है, यही वजह है कि वे हाल ही में इस तरह से सक्रिय हो गए है। उधर भाजपा की नजरें भी इस समीकरण पर बनी हुई है। फिलहाल चुनाव को अभी दो साल का समय शेष है और पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रदेश में सक्रियता ने नए समीकरणों की ओर इशारा किया है। देखना दिलचस्प होगा कि नाथ की इस सक्रियता का लाभ कांग्रेस को आगामी चुनाव में कितना मिलेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भी साथ आए
पूर्व सांसद नकुलनाथ की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के साथ सलकनपुर की तस्वीरें ये बताने के लिए काफी है कि युवा नेताओं का एक नया युग्म कांग्रेस की राजनीति में तैयार हो रहा है। हालांकि इस दौरान विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार नजर नहीं आए, सूत्रों का कहना है कि वे कहीं और व्यस्त होने की वजह से नहीं पहुंच सके। उधर जिस तरह से कार्यकर्ताओं की भीड पूर्व सांसद से मुलाकात करने पहुंची थी उससे ये माना जा रहा है कि आने वाले समय में पूर्व सांसद नई जिम्मेदारियों के साथ नजर आ सकते है। ये जिम्मेदारी क्या होगी आने वाले समय में ही साफ होगा।










