संगठन को कसने की तैयारी में नाथ, दो बदलाव के बाद आगे किसकी बारी, कौन से नए चेहरे आ सकते है सामने, काम को लेकर नेताओं को क्या दिए गए संकेत, दो साल पहले से चुनाव मोड में नजर आ रही कांग्रेस,

छिंदवाडा: जिले में कांग्रेस बदलाव के दौर से गुजर रही है। नगर कांग्रेस हो या फिर एनएसयूआई दोनों ही संगठनों के प्रमुख पदों पर नाथ ने नए चेहरों को मौका दिया है। हालांकि निगम अध्यक्ष सोनू मागो काफी समय से मैदान में काम कर रहे है लेकिन उन्हें नगर की जवाबदारी सौंपकर नाथ ने ये संकेत दे दिए है कि आने वाले चुनाव को लेकर वे अभी से तैयारियों में जुट गए है। इसी तरह एनएसयूआई में भी अपेक्षा सूर्यवंशी को जिले का अध्यक्ष बनाकर नाथ ने अपने इरादे स्पष्ट कर दिए है। सूत्रों का कहना है कि अभी और भी फेरबदल देखने को मिल सकते है। कुछ अन्य संगठनों में भी नए चेहरों को मौका दिया जा सकता है हालांकि कांग्रेस के दूसरे नेता इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते, लेकिन सूत्रों का कहना है कि पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ इस मामले में लगातार विचार मंथन कर रहे है। जिस तरह से बदलाव किए गए है उससे ये माना जा रहा है कि उर्जावान चेहरों को आगे लाकर नाथ चुनाव के लिए मैदान में संगठन को मजबूत बनाने की तैयारी कर रहे है। हालांकि अभी चुनाव में दो साल का समय है लेकिन अभी से कांग्रेस का चुनावी मोड में होना इस बात का इशारा कर रहा है कि आने वाले समय में वे किसी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहते। पार्टी सूत्रों की मानें तो पूरे जिले में कांग्रेस संगठन को कसने और मैदानी स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की तैयारी कांग्रेस कर रही है। पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ इस मामले में हर दिन कांग्रेस नेताओं से चर्चा कर रहे है। फिलहाल दो नियुक्तियों के बाद दूसरे संगठन के प्रमुख पदों पर आसीन नेताओं के उपर भी खतरा मंडराने लगा है। आगे बदलाव होंगे या नहीं अभी साफ नहीं है।

युवाओं और महिलाओं को जोडने पर फोकस

जिस तरह से कांग्रेस में बदलाव हो रहे है उससे माना जा रहा है कि पूर्व सीएम और पूर्व सांसद दोनों ही युवाओं और महिलाओं को लेकर ज्यादा गंभीर है। एनएसयूआई में अपेक्षा और नगर कांग्रेस में सोनू मागो को युवा और महिलाओं को जोडने की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। कहा ये भी जा रहा है कि आने वाले समय में नाथ कुछ चौकाने वाले फैसले ले सकते है। दरअसल पूर्व में जिस तरह से फोटो खिंचवाकर सक्रियता बताने की राजनीति तेज थी उससे वे खुश नहीं थे, यही वजह है कि वे अब बदलाव की तैयारी में है। कांग्रेस में लगातार होते बदलाव ने ये साफ कर दिया है कि अब नए चेहरों के साथ कांग्रेस मैदान में नजर आएगी। इन बदलावों ने राजनीतिक दलों में भी चर्चाओं के बाजार को गर्म करने काम किया है।