छिंदवाडा: हाल ही में सीएम का छिंदवाडा दौरा हुआ, इसके पहले प्रभारी मंत्री राकेश सिंह पहुंच गए थे। उनसे मिलने वालों का तांता लगा था, कुछ समस्याएं तो कुछ शिकायत लेकर पहुंचते नजर आए, लेकिन इस बीच एक ऐसा नजारा सामने आया जो चौकाने वाला था। कुछ ठेकेदारों का समूह मंत्रीजी के पास पहुंचा और एक अधिकारी की शिकायत होने लगी। सूत्रों ने बताया कि इसी बीच इनका नेत्रत्व कर रहे नेताजी तो बोल पडे कि इन्हें हटाईए नहीं तो ये आगामी चुनाव में पार्टी के बुरे हाल होंगे, बस फिर क्या था, प्रभारी मंत्री तमतमा गए, उन्होने पहले तो नेताजी को कहा कि वे अपने शब्द वापस लें। दो बार बोले जाने के बाद नेताजी के मुंह से जी भाई साहब निकला। सूत्रों ने बताया कि इससे पहले मंत्री जी उस अधिकारी को बुलाकर बात कर चुके थे जिनकी शिकायत उनके पास पहुंची थी। अधिकारी ने सारा व्रतांत सुनाया तो प्रभारी मंत्री संतुष्ट हो गए और उन्होने अधिकारी को क्लीन चिट देते हुए काम करते रहने को कहा। खबर है कि प्रभारी मंत्री ने शिकायत करने पहुंचे नेताजी को न केवल फटकारा बल्कि ये तक कह दिया कि तुम्हारी आदत हो गई है, इसे बदलो। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है लेकिन सूत्रों ने बताया कि मामले को लेकर प्रभारी मंत्री खासे गुस्साए हुए थे।
सीएम से मिलने का मौका तलाशते रहे नेताजी
इस पूरे घटनाक्रम के बाद नेताजी को उम्मीद थी कि सीएम उनसे जरुर मिलेंगे। उन्होने कोशिश भी की लेकिन प्रभारी मंत्री राकेश सिंह के लगातार साथ होने की वजह से वे नहीं मिल पाए। बार बार वे प्रयास करते रहे कि सीएम से बात हो जाए, परंतु हर बार नाकामी ही हाथ लगी। खैर,, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अधिकारी संतुष्ट तो नेताजी नाराज है। उन्होने अपने नाराजगी से कुछ दूसरे नेताओं को भी अवगत करा दिया है। इसका असर कितना होगा ये तो कहना मुश्किल है लेकिन एक बात साफ हो गई कि अधिकारी के तर्क और साफगोई से प्रभारी मंत्री जरुर संतुष्ट नजर आए।









