कांग्रेस में अपनी ढफली अपना अपना राग अलापने वाले दो पार्षद संगठन के निशाने पर, अन्य पार्षदों ने बनाई दूरी, दूसरे गुटबाज नेता पर्दे के पीछे से बिगाड रहे माहौल,, मामला दिल्ली पहुंचा,,

छिंदवाडा: नगर निगम में कांग्रेस पार्षद दल के कुछ सदस्य इन दिनों अपनी अपनी ढफली अपना अपना राग अलापते नजर आ रहे है। इनमें दो पार्षदों के नाम मुख्य तौर पर सामने आ रहे है। इस मामले में दूसरे पार्षदों ने जमकर नाराजगी जाहिर की है। सूत्रों का कहना है कि इस तरह की गतिविधियों से नेता प्रतिपक्ष और निगम अध्यक्ष भी खफा है और अपनी बात को आलाकमान के सामने रखकर अवगत कराया है।दरअसल पूरा मामला हाल ही में हुए आंदोलन का है। आंदोलन में जिस तरह से उंगलियों पर गिने जाने वाले नेता और कार्यकर्ता नजर आए उसने गुटबाजी के संकेत दे दिए। सूत्र बताते है कि आनन फानन में तय किए गए इस आंदोलन की खबर न तो संगठन के पदाधिकारियों को थी और न ही निगम के मुख्य पदों पर बैठे नेताओं को। बाद में जब रुपरेखा सामने आई तो इन नेताओं के साथ साथ तमाम पार्षद हैरान थे। बताया जा रहा है कि इस पूरे मामले में बेहद सोची समझी रणनीति के तहत काम किया गया। यही वजह थी कि निगम के आंदोलन में वहां के कांग्रेस के महत्वपूर्ण पदाधिकारी ही हाशिए पर नजर आए। आंदोलन की रुपरेखा बनाने वाले पार्षदों ने ही सब कुछ तय किया और आंदोलन में कम भीड के जवाबदार बन गए। अब इस बात को लेकर चर्चाएं चल रही है कि पिछले कुछ दिनों में हुए आंदोलन में भारी भीड के साथ सामने आई कांग्रेस के पार्षदों ने महज आधा आधा सैकडा नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में ये कार्यक्रम कैसे कर लिया। सूत्रों की मानें तो आंदोलन के बाद संगठन और निगम के महत्वपूर्ण नेताओं ने जमकर नाराजगी जताई और साफ कर दिया कि आने वाले समय में पूरी रुपरेखा के साथ निगम अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष के नेत्रत्व में निर्णय लिए जाऐंगे।

पीछे से कौन दे रहा हवा

सूत्र बताते है कि इस मामले में पीछे से कांग्रेस के कुछ नेता ही हवा दे रहे है। इन नेताओं के नाम भी दिल्ली भेजे जा चुके है। गुटबाज नेताओं के चलते बिगड रहे माहौल को लेकर वरिष्ठ नेताओं ने भी नाराजगी जताई है। बताया जा रहा है कि ये नेता पार्षदों के साथ लगातार बैठक कर रुपरेखा तैयार करते है। इनमें कुछ पार्षदों के नाम भी सामने आए है। सूत्रों का ये भी कहना है कि चंद गुटबाज पार्षद नेता प्रतिपक्ष की कुर्सी की ओर नजरें जमाए बैठे है। फिलहाल कांग्रेस के पदाधिकारियों ने पूरे मामले से सबक लेने और सब कुछ व्यवस्थित करने की तैयारी शुरु कर दी है।