अफीम की खेती की तस्वीरों ने चौकाया, 600 से ज्यादा पौधों ने खोली स्थानीय अधिकारियों की पोल, पुलिस की टीम हैरान, बडे इलाके में लंबे समय से हो रही थी खेती, नर्मदापुरम समेत अन्य स्थानों में सप्लाई की आशंका, पुलिस करेगी जांच,,

छिंंदवाडा: तामिया के पास छातीआम वाले क्षेत्र में मिले बाघ के शव के बाद पास ही अफीम की खेती ने नई चर्चाओं को जन्म देने का काम किया है। जिस तरह से पुलिस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खेती का खुलासा किया, और उसकी तस्वीरें सामने आई उससे ये तय हो गया कि स्थानीय अधिकारी वहां क्या कर रहे थे। हालांकि इलाका दुर्गम बताया जा रहा है लेकिन राजस्व सहित अन्य अधिकारियों को इसकी जानकारी न होना बडे सवाल खडे कर रहा है। सूत्रों का कहना है कि पुलिस की टीम ने 600 से ज्यादा पौधे बरामद किए है। पुलिस ने इस मामले में अभी कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी है। बताया जा रहा है कि यहां पर एक एकड से ज्यादा इलाके में खेती की जा रही थी, खेती को देखकर जांच करने गए पुलिस के कर्मचारी सकते में थे। उन्होने इस मामले में कागजी कार्रवाई की और वहां से तामिया के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि बाघ का शव मिलने के बाद वन विभाग के अमले ने जिस तरह से पुलिस अधिकारियों को अफीम की खेती की सूचना दी थी, उसके बाद से अधिकारी सक्रिय हो गए थे। छिंदवाडा और बैतूल की सीमा पर बसे जिस गांव में ये खेती की जा रही है, उससे ये कहा जाने लगा है कि यहां से अफीम आस पास के इलाकों में सप्लाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है। अफीम कितने समय से और कहां भेजी जा रही थी इसको लेकर चर्चाओं का माहौल बना हुआ है।