क्या सच में निशाने पर लगेंगे सिंधिया के तीर, या फिर यूं ही खाली हो जाएगी तरकश

  • युवाओं और आदिवासियों पर फोकस
  • कांग्रेस भी पूरी तरह सतर्क
  • कुछ विधानसभा निशाने पर 

छिंदवाडा: केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का दौरा कार्यक्रम को लेकर तैयारियों का दौर चल रहा है। हर कोई इस प्रयास में लगा है कि उनके सामने कितने कांग्रेस नेताओं को भाजपा की सदस्यता दिलाई जाए। प्रयास चल रहे है सफल कितने होंगे अभी स्पष्ट नहीं है। सूत्रों का कहना है कि कुछ नेता यहां से ज्योतिरादित्य सिंधिया से मिलने गए थे, उन्होने कुछ देर रायशुमारी भी की और दिशा निर्देश भी दिए। रायशुमारी में क्या तय हुआ पूरा तो साफ नहीं हो पाया लेकिन सूत्रों की मानें तो सिंधिया ने छिंदवाडा में ज्यादा से ज्यादा कांग्रेस नेताओं पर निशाना लगाने की बात कही है ताकि वे पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के गढ में गरज सके। बस इसी निर्देशों के साथ भाजपा नेता जुट गए, अब ये अलग बात है कि सिंधिया के तीर सही में निशाने पर लगेंगे या फिर यूं ही तरकश खाली हो जाएगी। भाजपा के नेता सिंधिया के आगमन को ऐतिहासिक बनाने के लिए लगातार बैठकें भी लें रहे है। इन तमाम परिस्थितियों के बीच भाजपा के कुछ सिंधिया चहेते नेता उन्हें अच्छा खासा उपहार देने के प्रयास में है। सूत्रों का कहना है कि इस बार सिंधिया के आगमन पर जो तैयारियां की जा रही है वह बेहद गाेपनीय रखी जा रही है। सिंधिया के चहेते भाजपा नेता कांग्रेस नेताओं से लगातार संपर्क भी कर रहे है। उधर कांग्रेस भी इस मामले में गंभीरता के साथ नजरें जमाए बैठी है। कांग्रेस में भी लगातार बैठकों का दौर तेज हो गया है।

  • युवा और आदिवासियों पर निशाना

सूत्रों ने बताया कि सिंधिया के सामने युवाओं और आदिवासियों को ज्यादा से ज्यादा संख्या में सदस्यता दिलाने पर जोर दिया जा रहा है। इसके लिए बिछुआ, जुन्नारदेव और चौरई को मुख्य निशाना बनाया जा रहा है। सौंसर से भी कुछ बडे चेहरों को घेरने के प्रयास चल रहे है। खबर है कि इन चेहरों में से कुछ ने तो आश्वस्त भी कर दिया है। परासिया में भी भाजपा नेताओं ने कुछ युवा नेताओं से संपर्क किया है। सूत्रों की मानें तो कुछ क्षेत्रों से तो युवा नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ जाने के लिए हामी तक भर दी है। ऐसे में साफ है कि सिंधिया के दौरे को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी भाजपा नेता कर रहे है।

  • कमलनाथ रखेंगे सीधे नजर

पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ भी सिंधिया के दौरे को लेकर नजरें बनाए हुए है। वे आगामी 13 अगस्त को छिंदवाडा पहुंच सकते है। खबर है कि वे पंद्रह अगस्त तक छिंदवाडा में ही रहेंगे।  यहां पर वे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात करेंगे। इसके अलावा अलग अलग विधानसभा क्षेत्रों के नेताओ से भी चर्चा करेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी अपने अपने क्षेत्रों में कमान संभाले हुए है। देखना ये है कि कौन कितना कामयाब हो पाता है।