छिंदवाडा: जिले में भाजपा के दो फाड साफ नजर आ रहे है। एक तरफ भाजपा के जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू तो दूसरी तरफ पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह है। दोनों के समर्थक शक्ति प्रदर्शन में कोई कसर नहीं छोड रहे। एक दूसरे को बेहतर दिखाने की कोशिश ने भाजपा के वरिष्ठों की नाक में मानों दम कर दिया हो। सूत्रों के अनुसार छिंदवाडा में भाजपा की इस स्थिति को लेकर पार्टी ने पटेल फैक्टर पर भरोसा किया है। मतलब साफ है कि एक ओर कमल पटेल है तो दूसरी ओर जालम सिंह पटेल। अब ये अलग बात है कि दोनों ही नेता दो फाड हुई भाजपा को कितना एक कर पाते है। शक्ति प्रदर्शन की बात करें तो भाजपा के पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह ने हाल ही में अपना जन्म दिन मनाया। इस जन्मदिन को भव्यता प्रदान करने में उनके समर्थकों ने कोई कसर नहीं छोडी। हालांकि पार्टी के जिला स्तर के पदाधिकारियों ने इस आयोजन से गुरेज जरूर की लेकिन चंद्रभान सिंह समर्थकों का उत्साह देखते ही बनता था। उधर भाजपा जिलाध्यक्ष विवेक बंटी साहू के समर्थकों ने भी मोर्चा संभाला और जिलाध्यक्ष के दादाजी के श्रद्धांजली कार्यक्रम को भव्यता दे दी। इस कार्यक्रम में भाजपा संगठन के तमाम नेताओं के अलावा उनके समर्थकों ने जमकर उत्साह दिखाया। ऐसे हालातों में पटेल फैक्टर कितना काम करेगा अभी कहना मुश्किल है। लेकिन सूत्र बतातें है कि आग यूं ही सुलगती रही तो निकाय और पंचायत चुनाव में भाजपा की जमकर फजीहत हो सकती है।
- आज पटैल दिखाऐंगे तेवर
सूत्रों के अनुसार आज भाजपा के विधायक जालम सिंह पटेल भाजपा कार्यालय में निकाय और पंचायत चुनाव को लेकर अपने तेवर दिखा सकते है। उन्हें इस पूरे मामले की जानकारी दी जा चुकी है। इस बैठक में पूर्व मंत्री और उनके समर्थक शामिल होंगे या नहीं इस बात पर भाजपा के नेताओं की निगाहें बनी हुई है।










