भोपाल: राज्यसभा चुनाव को लेकर जहां भाजपा कांग्रेस के नाम घोषित करने की राह देख रही है वहीं कांग्रेस भी फूंक फूंक कर कदम रख रही है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे ने शनिवार को अरुण यादव को बुलाया और उनसे चर्चा की। बताया जा रहा है कि उन्होने क्रास वोटिंग की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए उसे कैसे रोका जाए इसपर विचार विमर्श किया साथ ही इस बात के निर्देश दिए कि किसी भी तरह से राज्यसभा में क्रास वोटिंग न हो। श्री खडगे पूर्व में पूर्व सीएम कमलनाथ के अलावा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार से भी चर्चा कर चुके है। श्री सिंघार से तो दो बार पूरी रिपोर्ट बुलाकर बातचीत की जा चुकी है। बताया जा रहा है कि दोनो ही नेताओं ने इस बात का भरोसा दिलाया है कि वे राज्यसभा चुनाव में क्रास वोटिंग नहीं होने देंगे। हालांकि कांग्रेस में सारा खेल नाम पर निर्भर है। सूत्रों ने बताया कि श्री खडगे ने स्पष्ट निर्देश भी दिए है कि किसी तरह की गडबडी होने पर पार्टी सख्त रवैया अपना सकती है। गौरतलब है कि पूर्व में तीन राज्यों की राज्यसभा सीटों में कांग्रेस को क्रास वोटिंग के दौर से गुजरना पडा था।
3 जून की रात तक घोषित हो जाएगा नाम
सूत्राें का कहना है कि कांग्रेस आलाकमान तीन जून की रात तक राज्यसभा के लिए नाम की घोषणा कर देगी। इसको लेकर वर्तमान में भोपाल से दिल्ली तक मंथन और चिंतन का दौर चल रहा है। हालांकि रेस में पूर्व सीएम कमलनाथ का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है। खबर ये भी है कि आलाकमान ने क्रास वोटिंग रोकने के लिए नाथ को मैदान में उतारने का निर्णय ले लिया है केवल घोषणा होना शेष है। उधर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह और अन्य नेताओं के नाम को लेकर उनके समर्थकों ने मांग उठानी शुरु कर दी है। बहरहाल कांग्रेस किस नाम को हरी झंडी देगी आने वाले एक दो दिन में साफ हो जाएगा, इसके बाद ही भाजपा की रणनीति भी सामने आएगी।










