छिंदवाडा: जिले में जिस तरह से पंचायत और निकाय चुनाव के नतीजे सामने आए है उसने भाजपा नेताओं को बडा झटका दिया है। इस झटके से कई बदलाव भी भाजपा में नजर आने लगे है। इसका एक नजारा तो अलका टॉकीज के सामने देखा जा रहा है। यहां पर नेताजी के यहां अचानक हलचल बढ गई। इतना ही नहीं यहां पर लगातार बढती रौनक में कई चेहरे ऐसे भी नजर आने लगे है जो पहले कभी संशय में यहां का रुख भी करना नहीं चाहते थे, लेकिन अब मौका मिला है तो वे खुलकर अपना समर्थन नेताजी के सामने जाहिर कर रहे है। सूत्र बतातें है कि नेताजी से भोपाल से वरिष्ठ नेताओं ने चर्चा भी की है। चर्चा में क्या हुआ ये अभी साफ नहीं हुआ है लेकिन माना जा रहा है कि नेताजी को आने वाले समय में सक्रिय रहने और महत्वपूर्ण जवाबदारी देने की बात वरिष्ठ नेताओं ने कही है। उधर भाजपा का दूसरे खेमे के नेताओं में मायूसी साफ तौर पर देखी जा सकती है। दरअसल निगम और जिला पंचायत की हार ने दूसरे खेमे के नेताजी के सामने बडे सवाल खडे कर दिए है। अब देखने वाली बात ये होगी की आने वाले समय में आलाकमान इसे किस तरह से देखता है।
- नाराज नेता चंद्रभान सिंह के साथ
सूत्रों की मानें तो निगम और जिला पंचायत चुनाव में प्रत्याशी चयन को लेकर नाराज नेताओं ने चंद्रभान सिंह से संपर्क किया है और साफ कर दिया है कि आने वाले समय में यदि संगठन का रवैया न सुधरा तो स्थितियां और खराब हो सकती है। ऐसे में विधानसभा और लोकसभा चुनाव में भाजपा को परेशानियों का सामना करना पड सकता है। वैसे भी छिंदवाडा में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ की वजह से भाजपा अक्सर जूझती नजर आती है। बहरहाल चंद्रभान के दरबार में अचानक बढी भीड ने उनके विरोधियों के माथे पर चिंता की लकीरें खींचने का काम किया है।
- कहीं बदलाव के संकेत तो नहीं
इस पूरे मसले पर एक संभावना और जताई जा रही है कि आगामी समय में भाजपा के संगठन में बडा बदलाव देखने केा मिल सकता है। हालांकि इस मामले में भाजपा के नेताओं की खामोशी बनी हुई है, लेकिन माना जा रहा है कि नतीजों ने संगठन स्तर पर कई सवाल खडे करने काम किया है। उधर दूसरा गुट अपने एक बडे युवा नेता को इस बदलाव में स्थान देने की तैयारी में जुटा हुआ है। आगे क्या होगा अभी कहना जल्दबाजी होगी।









