क्या भाजपा अध्यक्ष के कारण कांग्रेस हुई आक्रामक ?, पहली बार बैकफुट पर आए मंत्रीजी, वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रीजी को गिनाई कमियां

छिंदवाडा: कांग्रेस अचानक आक्रामक हो गई, एक एक करके हर जगह आक्रामकता नजर भी आ रही है। हाल ही में प्रभारी मंत्री कमल पटेल के दौरे में भी ऐसा नजारा देखने को मिला। एक जगह तो मंत्रीजी को बैकफुट पर आना पडा। जानकार बताते है कि भाजपा अध्यक्ष की अमर्यादित टिप्पणी ने कांग्रेस को आक्रामक करने का काम कर दिया है। अब कांग्रेस एक एक करके हमला बोल रही है। किसान आंदोलन से लेकर सौंसर में विधायकजी का खुलकर विरोध करना और अपनी बात पूरे दम से  रखना इसका ताजा उदाहरण समझे जा सकते है। मंत्रीजी भी इस बात को लेकर हैरान है कि आखिर अचानक ये सब कैसे हो रहा है। सूत्रों का कहना है कि मंत्रीजी के इस दौरे में काफी कुछ बातें सामने आई जिसने मंत्रीजी को भी हैरान करने का काम किया है। और इसका असर आने वाले समय में देखने को मिलेगा। बताया जा रहा है कि मंत्रीजी ने कुछ लोगों को भोपाल भी बुलाया है। खबर है कि इन नेताओं से संगठन के हालातों पर चर्चा के साथ साथ जिले की स्थितियों पर भी चर्चा होगी।

  • जमीन मामले की भी जानकारी मांगी

जानकारों के अनुसार पिछले दिनों परासिया मार्ग की जमीन पर कब्जे और सीमांकन के मामले में सामने आए एक भाजपा के बडे नाम की शिकायत को लेकर भी मंत्रीजी गंभीर नजर आए। उन्होने इस मामले मे कुछ लोगों को दस्तावेज लेकर भोपाल आने के लिए भी कहा है। आपको बता दें की इस पूरे प्रकरण में भाजपा नेता का नाम जमकर उछला। हालांकी इस नेता के परिजन ने इस जमीन को खरीदा है। और इसके सीमांकन की कोशिश की है। उधर एक पटवारी की कार्यशैली को लेकर भी मंत्रीजी नाराज नजर आए।

  • भाजपा नेताओं ने दी जानकारी

सूत्रों का कहना है कि भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने मंत्रीजी को संगठन को लेकर जानकारियां दी है। इन नेताओं ने क्या जानकारी दी ये तो साफ नहीं हुआ लेकिन माना जा रहा है कि संगठन में सब कुछ ठीक नहीं चल रहा जिसके कारण कई नेता परेशान है और वे भाजपा के हालातों की जानकारी उच्च स्तर पर देने की बात कह रहे है। बहरहाल दीपावली के बाद इन हालातों में उच्चस्तर पर विचार होने की खबरें भी सामने आई है। आगे आगे देखिए होता है क्या।