जिले के भाजपा नेता का बायोडाटा क्यों मांगा केंद्रीय नेताओं ने, कहीं बडी तैयारी तो नहीं, भोपाल में भी तेज हुई हलचल, कुछ नेताओं के सपनों पर फिर सकता है पानी

छिंदवाडा: प्रदेश में एक बार फिर निगम मंडल को लेकर हलचल तेज हो गई है। जिले से इसको लेकर एक बार फिर नामों की चर्चाएं भी चलने लगी है। इस बार चौरई के पूर्व विधायक पंडित रमेश दुबे के नाम को लेकर भाजपा संगठन में हलचल तेज है। सूत्रों के अनुसार इनके बारे में पूरी जानकारी दिल्ली आलाकमान ने मांगी है। कहा जा रहा है कि इसकी वजह जल्द ही निगम मंडल में होने वाली ताजपोशी हो सकती है। कुछ समय पहले पंडित रमेश दुबे भोपाल गए हुए थे। वहां पर उनकी सीएम मोहन यादव और अन्य नेताओं से चर्चा भी हुई। उन्होने भी इसके संकेत दिए थे कि उन्हें एडजस्ट किया जा सकता है। दरअसल पंडित रमेश दुबे को विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी नहीं बनाया गया था, जबकि वे बडे दावेदार के तौर पर उभरे थे। उनके स्थान पर लोधी समाज से आने वाले व्यक्ति को प्रत्याशी बनाकर चुनाव लडाया गया था। नतीजों में मिली पराजय के बाद पार्टी ने मंथन किया और अब पंडित रमेश दुबे की पूरी जानकारी मंगवाई गई। हालांकि उनके खेमे ने अभी इस मामले में कुछ भी कहने से इंकार किया है। उधर कांग्रेस से भाजपा में आए कद्दावर नेता दीपक सक्सेना भी इस कतार में है। यदि पंडित रमेश दुबे को मौका मिला तो श्री सक्सेना के सपनों पर पानी फिर सकता है। बहरहाल निगम मंडल में किसकी ताजपोशी होगी अभी ये कहना जल्दबाजी होगी।

  • प्रदेश से विधायक के दावेदारों की तैयारी हो रही सूची

सूत्रों ने बताया कि निगम मंडल के लिए पूरे प्रदेश से उन नामों को छांटा जा रहा है जो विधानसभा में विधायक पद के दावेदार थे और उनके स्थान पर किसी और को प्रत्याशी बना दिया गया। इसके बावजूद उन्होने काम किया। पार्टी ने ऐसे नेताओं को उपक्रत करने की तैयारी की है। बताया ये भी जा रहा है कि इसके लिए आरएसएस के पदाधिकारियों से भी पार्टी नेताओं ने चर्चा की है। हालांकि कुछ बडे नाम कांग्रेस से भाजपा में आने वाले नेताओं के भी इसमें शामिल होंगे। कौन कहां से स्थान पाएगा आने वाले समय में पता चल जाएगा।