साहब ने सट्टा पकडा तो क्यों नाराज हुए दो पुलिस कर्मचारी, कहासुनी और बहस को लेकर चर्चाएं गरमाई, कप्तान की मुहिम बनी कुछ पुलिस कर्मचारियों के लिए परेशानी

छिंदवाडा: हाल ही में दो पुलिस कर्मचारियों का एक पुलिस अधिकारी से हुआ विवाद और कहासुनी जमकर चर्चाओंं में है। बताया जा रहा है कि मामला सट्टा पकडने का है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मैदानी तौर पर तैनात दो पुलिस कर्मचारी एक पुलिस अफसर पर इसलिए नाराज हो गए कि उन्होने उनके परिचित को पकड लिया। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि बात पुलिस कप्तान तक नहीं पहुंची और मामला वहीं पर हल हो गया। सूत्रों की मानें तो हाल में पुलिस के एक अफसर ने अपने साथियों के साथ एक सट्टा कारोबारी को पकडा। उसके साथ कुछ युवक भी धरे गए। इस बात की खबर दो पुलिस कर्मचारियों को मिली तो वे नाराज हो गए। पहले तो उन्होने पुलिस अफसर के कार्यालय पहुंचकर अफसर से चर्चा की और बाद में उनसे बातचीत में भिड गए। मामले को बढता देख वहां मौजूद कुछ पुलिस कर्मचारियों ने इसे शांत करवाया। ऐसा क्यों हुआ किसी को नहीं मालूम, लेकिन ये जरुर कहा जा रहा है कि अफसर की सक्रियता के चलते दोनों पुलिस कर्मचारियों का मैनेजमेंट खराब होने की वजह से इस तरह का घटनाक्रम घटा है। बहरहाल पुलिस कप्तान सट्टा कारोबार को लेकर बेहद सख्त है, ऐसे में इस तरह का विवाद होना इस बात के संकेत दे रहा है कि कुछ पुलिस कर्मचारियों को ये नागवार गुजर रहा है। इस मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। मामला क्या है और ऐसा हाेने की वजह क्या है, इसको लेकर कुछ पुलिस अफसर पता लगा रहे है।