छिंदवाडा: नगर निगम चुनाव में जीत दर्ज करवाने के बाद कांग्रेस में अध्यक्ष और सभापति को लेकर गहमा गहमी का माहौल है। पार्षद सभापति बनने दौड लगा रहे है, वहीं अध्यक्ष पद के लिए भी तीन नामों में से एक को हरी झंडी मिलना तय माना जा रहा है। लेकिन हैरानी वाली बात ये है कि कांग्रेस के एक नेताजी ने तो बाकायदा सभापतियों को तय कर दिया है। सूत्रों का कहना है कि ये नेताजी सभापतियों के विभाग भी तय कर चुके है, जबकि अभी पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ ने इस तरह के कोई संकेत नहीं दिए है। कहा जा रहा है कि ये जल्दबाजी नेताजी को नुकसान पहुंचा सकती है। सूत्रों ने बताया की नेताजी ने तो बाकायदा पार्षदों की बैठक भी ले ली। अब ये नाम सभापति के लिए तय किए जाऐंगे या नहीं आने वाले समय में साफ होगा लेकिन सभापतियों को इसतरह से तय कर देना नई परंपरा की शुरुआत मानी जा रही है।
- कमलनाथ और नकुलनाथ की नजरें
जानकारों का कहना है कि इस पूरे मामले में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ की नजरें है। खबर है कि जल्दी ही भोपाल से सभापतियों के नामों को हरी झंडी दी जाएगी। सभापति किसे बनाया जाना है इसको लेकर नेताद्वय वरिष्ठों से विचार विमर्श कर चुके है। अंतिम फैसला भोपाल में ही किया जाएगा। कहा तो ये भी जा रहा है कि इस बार भोपाल से ऐसे नाम सामने आए जो चौकाने वाले हो। बहरहाल निगम चुनाव के नतीजों के बाद कांग्रेस में हलचल तेज हो गई है। अब देखना ये है कि आगामी दिनों में परिषद के गठन में सभापतियों के चयन में किसे स्थान मिलता है।










