छिंदवाडा: चौधरी चंद्रभान सिंह ने हमें भाईचारे की प्रेरणा दी है और उसी प्रेरणा के चलते हम यहां पर एकजुट हुए है, ये कोई भाजपा नेता के उद्बोधन की कडी नहीं है, बल्कि ये उस कांग्रेसी विधायक का कहना है जो विधानसभा में महत्वपूर्ण स्थान रखता है। विधायकजी के इस बोल की चर्चा चारों ओर है। ये अकेले उनके विचार नहीं थे बल्कि खुद को ताकतवर समझने वाले एक और कांग्रेस विधायक ने भी ऐसे ही विचार रखे। अवसर था भाजपा के पूर्व मंत्री चौधरी चंद्रभान सिंह के जन्मदिन का। बडी संख्या में भाजपा नेताओं ने यहां शिरकत की, कांग्रेसियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। हर किसी का ध्यान इस ओर था कि कितने और कौन से चेहरे आयोजन में आते है। जो नजारा दिखाई दिया उसने हैरान कर दिया। भाजपा के जिलाध्यक्ष समेत कांग्रेस के बडे पदाधिकारी और दाे विधायकों ने भी आयोजन में पहुंचकर नेताजी को बधाई दी और मंच से उनकी तारीफ के कसीदे पढ डाले। कसीदे पढते पढते वे ये तक भूल गए कि उनकी पार्टी कांग्रेस है और वे भाजपा के नेता को बेहतर नेता बता रहे है। विधायकों ने तो हद ही कर दी, जन्मदिन की बधाई देने के साथ साथ चौधरी चंद्रभान सिंह को प्रेरणास्त्रोत तक बता डाला। विधायकों ने कहा कि उन्होने भाईचारा चंद्रभान सिंह से सीखा है। प्रेरणा ली है, उन्ही की प्रेरणा के चलते वे एकजुट है। अब कांग्रेस के कार्यकर्ता ये चर्चा करने से नहीं थक रहे कि यदि भाजपा के नेता भाईचारे की प्रेरणा दे रहे है तो कांग्रेस क्या कर रही है। बहरहाल इस भव्य आयोजन ने साफ कर दिया कि चौधरी चंद्रभान सिंह आने वाले समय में सक्रिय राजनीति का हिस्सा बन सकते है। भाजपा जिलाध्यक्ष ने तो बकायदा कह भी दिया कि वे चुनाव लड सकते है।
चर्चा में जिलाध्यक्ष यादव का बयान
भाजपा नेता और जिलाध्यक्ष शेषराव यादव का चौधरी चंद्रभान सिंह के जन्मदिन पर दिया गया उद्बोधन जमकर चर्चाओं में है। दरअसल उन्होने यहां तक कह दिया कि वे आने वाले समय में चुनाव लडें। कुछ दिनों पूर्व चौधरी चंद्रभान सिंह का एक वक्तव्य जमकर वायरल हुआ था कि उनका जन्म ही चुनाव लडने के लिए हुआ है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने इस बात का उल्लेख कर दिया। अब जिलाध्यक्ष की इन बातों के कई मायने निकाले जाने लगे है। बहरहाल भाजपा के पूर्व मंत्री के जन्मदिन पर हुए इस भव्य आयोजन से एक धडे ने दूरी बनाई रखी। इसे किसी शक्ति प्रदर्शन से जोडकर भी देखा जाने लगा है।










