बडे खेल की तैयारी में भाजपा, सात से दस विधायकों पर नजर, कांग्रेस को फिर लग सकता है झटका, राज्यसभा सीट को लेकर बडी रणनीति के संकेत, नाम की घोषणा का इंतजार,,

भोपाल: कांग्रेस भले ही राज्यसभा में एक सीट पर आंकडो के आधार पर अपना दावा पुख्ता मान रही हो लेकिन भाजपा ने नई रणनीति के संकेत देकर कांग्रेस नेताओं के बीच हलचल बढा दी है। भाजपा के कुछ नेताओं ने संकेत दिए है कि आने वाले समय में कांग्रेस को करंट की तरह झटका लग सकता है। सूत्रों का कहना है कि भाजपा की नजरें सात से दस कांग्रेसी विधायकों पर बनी हुई है। दूसरे राज्यों की तरह भाजपा इस बार भी कांग्रेस को झटका देने की तैयारी में है। हालांकि अभी कांग्रेस की ओर से नाम तय नहीं हुआ है, लेकिन खबर है कि भाजपा के रणनीतिकार कांग्रेस के विधायकों से लगातार संपर्क में बने हुए है। सूत्रों की मानें तो इन विधायकों में कुछ ऐसे भी है जो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी या उमंग सिंघार से खफा है। वे भले ही अपने स्वर मुखरित न करें लेकिन राज्यसभा के लिए होने वाले मतदान में कांग्रेस को संकट में डाल सकते है। खबर तो ये भी है कि असंतुष्ट कुछ विधायकों ने हाल ही में एक बैठक भी की है। बैठक में तकरीबन पांच विधायक शामिल थे। ये भी जा रहा है कि भाजपा एक और बडी रणनीति पर भी काम कर रही है। सूत्रों का कहना है कि ये रणनीति कांग्रेस के नाम घोषित करने के बाद सामने आएगी। गौरतलब है कि कांग्रेस अभी भी राज्यसभा में जाने वाले नाम को तय नहीं कर पाई है। मंथन में जो नाम सामने आ रहे है उनपर विधायक एक राय हो ऐसा तय नहीं माना जा सकता। पूर्व सीएम कमलनाथ के नाम पर विधायकों की एक राय जरुर सामने आई है लेकिन नाथ इस मामले में अभी पूरी तरह तैयार नहीं है। वे छिंदवाडा को लेकर चिंतित है। पार्टी सूत्रों की मानें तो पूर्व सीएम अपने पुत्र नकुलनाथ को राज्यसभा में भेजने की मंशा जाहिर कर सकते है। उधर कुछ नेताओं ने कांग्रेस नेत्री मीनाक्षी नटराजन का नाम सामने किया है लेकिन इस नाम पर विधायकों की अलग अलग राय सामने आ रही है। खबर है कि मीनाक्षी के नाम पर दस से ज्यादा विधायक इत्तेफाक नहीं रखते। फिलहाल कांग्रेस के लिए नाम तय करना आसान नहीं नजर नहीं आ रहा है।

नाथ का नाम आया तो छिंदवाडा हथियाने तैयारी करेगी भाजपा

सूत्रों के अनुसार पूर्व सीएम कमलनाथ का नाम राज्यसभा के लिए सामने आता है तो भाजपा छिंदवाडा विधानसभा में होने वाले उपचुनाव को लेकर आक्रामक हो जाएगी। भाजपा नेताओं ने इस संभावना को ध्यान में रखते हुए तैयारियां भी करना शुरु कर दिया है। हालांकि अभी नाम तय होने में कुछ समय शेष है लेकिन सूत्र बताते है कि पूर्व सीएम कमलनाथ इसको लेकर विचार कर रहे है। आलाकमान से उनकी चर्चा भी इस मामले में हुई है। उधर पूर्व सांसद नकुलनाथ भी पार्टी के नेताओं से लगातार चर्चा कर रहे है। यही वजह है कि उनका छिंदवाडा होने वाला दौरा आने वाले माह के लिए टल गया है। फिलहाल राज्यसभा सीट को लेकर पूर्व सीएम की भूमिका बेहद अहम होने की बात सामने आ रही है। आलाकमान क्या निर्णय लेगा और विधायकों को कितना साध पाएगा कुछ दिनों में सामने आ जाएगा।