छिंदवाडा: नगर निगम इन दिनों सुर्खियां बटोर रहा है। कभी भुगतान के लिए तो कभी फाइलों को लेकर। हाल ही में एक नया खुलासा सामने आया है जिसने राजनीतिक दलों के नेताओं के होश उडा दिए है। सूत्रों की मानें तो निगम के एक माननीय इन दिनों अवैध कॉलोनी में सडक बनाकर फंस गए है। अब अफसरों से कह रहे है कि टेंडर निकाल दीजिए और भुगतान करवाने की तैयारी किजिए नहीं तो वे परेशान हो जाऐंगे। दरअसल जिस ठेकेदार ने सडक बनाई है वह माननीय का बेहद करीबी है। सडक बनाने के बाद ठेकेदार अब दबाव बना रहा है कि साहब भुगतान तो करवा दो। अब अफसरों के चक्कर लगाए जा रहे है। माननीय को मना किया जा चुका है कि ये संभव नहीं है, इस मामले ने निगम में खलबली मचाकर रख दी है। ऐसा नहीं है कि ये केवल एक मामला है। एक तो ऐसा मामला है कि माननीय ने अपनी परिजनों को ही अवैध कॉलोनी में बसा लिया। अब इस कॉलोनी को माननीय की नानी की कॉलोनी के नाम से पहचाना जा रहा है। खबर तो यहां तक है कि इस कॉलोनी में और भी परिजन रह रहे है। इन तमाम बातों को लेकर अफसर हैरान परेशान है। इस कॉलोनी में भी सडक की भारी डिमांड है। बडा सवाल ये है कि जब जनप्रतिनिधि ही इस तरह के कामों में लिप्त होने लग जाए तो लोग किसपर भरोसा करें।
रिंग रोड पर कॉलोनी तक सडक पहुंचाने में जुटे माननीय
इन सबके चलते शहर से लगी रिंग रोड पर भी माननीय ने अफसरों से सडक बनाने के लिए निवेदन किया है। अब ये अलग बात है कि अफसरों ने इस निवेदन को ठंडे बस्ते में डाल रखा है। बताया ये भी जा रहा है कि जिस जगह पर माननीय सडक बनवाना चाह रहे है वहां पर खेत है और सडक एक ऐसे खेत को जोड देगी जिसमें कॉलोनी काटने की तैयारी की जा रही है। बताया जा रहा है कि माननीय ने इसको लेकर पूरी तैयारी कर कॉलोनाइजर को आश्वस्त भी किया है कि वे काम करवा लेंगे, लेकिन सारे मामले खटाई में पडे हुए है। इस तरह के मामलों को लेकर अब निगम के कर्मचारी से लेकर अधिकारी तक परेशान है। फिलहाल इस तरह के प्रकरण सामने आने के बाद ये तय माना जा रहा है कि आने वाले समय में फिर विवाद हो सकता है। अधिकारी भी इसके लिए तैयार बताए जा रहे है। कहा जा रहा है कि भोपाल से लेकर संगठन के नेताओं को तक पूरी जानकारी पहुंचाकर अधिकारी एहतियात बरत रहे है, ताकि आने वाले समय में विवाद की संभावनाओं को खत्म किया जा सके।










