
छिंदवाडा: कुछ दिन पहले जिले में अचानक शुरु हुई कांग्रेस की सर्जरी जारी रहेगी। यह संकेत कांग्रेस सूत्रों से मिले है। कहा जा रहा है कि बिछुआ और सौंसर के अध्यक्षों को बदले जाने के बाद कुछ पर्यवेक्षकों को भी बदला जा सकता है। ये कौन होंगे अभी तय नहीं है लेकिन माना जा रहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ इस मामले में मन बना चुके है और जल्दी ही होने वाले दौरे में इसपर निर्णय भी लिया जा सकता है। सूत्रों ने बताया कि कमलनाथ इस बार मैदानी तौर पर कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए इस तरह के निर्णय ले रहे है। इसको लेकर उन्होने जिले के वरिष्ठ नेताओं से रायशुमारी भी की है। सूत्रों ने यह भी बताया कि सांसद नकुलनाथ के दौरे में सामने आई कुछ बातों को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने नाराजी जताई है और हो सकता है कि इसको लेकर कुछ पदाधिकारियों पर गाज भी गिरे।
- लगातार जारी रहेंगे दौरे
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ और सांसद नकुलनाथ के दौरे अब लगातार जारी रहेंगे। सूत्रों का कहना है कि इस माह के अंत में दोनों एक बार फिर दौरा करते नजर आऐंगे। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि आगामी समय में होने वाले चुनावों को लेकर नेताद्वय कितने गंभीर है। उन्होने जिले के वरिष्ठाें को लेकर लगातार मैदान में बने रहने के लिए भी कहा है। बहरहाल आगामी दिनों में होने वाले दौरे में क्या बदलेगा, जल्दी ही पता चलेगा।









