नई टीम मैदान में उतारने तैयार नाथ, तीन बदलाव ने दिए संकेत, दूसरी पंक्ति के नए चेहरों पर दांव, रिपीट परंपरा पर विराम, सरला को अध्यक्ष तो किरण को समन्वयक की जिम्मेदारी, आगे और बदलाव की संभावना,,

छिंदवाडा: इन दिनों कांग्रेस संगठन की सर्जरी करने में लगी हुई है। पूर्व सीएम कमलनाथ और पूर्व सांसद नकुलनाथ फीड बैक के आधार पर दनादन फैसले ले रहे है। लंबे समय बाद ये पहला अवसर है जब चुनाव के दो साल पहले ही नाथ ने संगठन को मैदान में सक्रिय करने दूसरी पंक्ति के नए चेहरों को मैदान में उतारे जाने के संकेत दे दिए है जबकि पुराने चेहरों को नई जिम्मेदारियां देकर काम पर लगने के लिए कहा गया है। इसी के चलते हाल ही में महिला कांग्रेस में बडा बदलाव देखने को मिला है। इसमें निगम की कांग्रेस पार्षद सरला श्रीवास्तव को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है जबकि पूर्व में अध्यक्ष रही किरण चौधरी को समन्वय बनाया गया है। प्रभारी की जिम्मेदारी में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि तमाम कवायद आने वाले समय में होने वाले चुनाव को देखते हुए की जा रही है। बताया जा रहा है कि पूर्व सांसद नकुलनाथ ने तो स्पष्ट कर दिया है कि काम करने वाले युवा चेहरों को जवाबदारी दी जाएगी और वरिष्ठ एवं पुराने पदाधिकारियों को संगठन में नए पद दिए जाएंगे। बताया ये भी जा रहा है कि आने वाले समय में कुछ और भी फेरबदल किए जा सकते है। इसमें कौन प्रभावित होगा, आगामी दौरे के दौरान ही पता चल पाएगा।

नई परंपरा की शुरुआत कर गए नकुलनाथ

पूर्व सांसद नकुलनाथ ने हाल ही के दौरे में नई शुरुआत की है। वे भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के निवास पहुंचे और उनके पिता के निधन पर शोक व्यक्त किया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस के तमाम पदाधिकारी भी मौजूद रहे। तकरीबन बीस मिनिट तक पूर्व सांसद ने भाजपा जिलाध्यक्ष से चर्चा की और शोक संवेदनाएं व्यक्त कर दुख जताया। गौरतलब है कि ये पहला अवसर था जब पूर्व सांसद किसी भाजपा नेता के निवास पर पहुंचे थे। हालांकि पूर्व में पूर्व सीएम कमलनाथ इस तरह के व्यवहार के लिए जाना जाता था। फिलहाल नाथ की इस सक्रियता से अनुमान लगाया जाने लगा है कि आगामी समय में होने वाले चुनाव को लेकर वे कितने गंभीर है।