भोपाल: प्रदेश मंत्रीमंडल का विस्तार जल्दी ही होने जा रहा है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लगभग बारह जून को तारीख तय की जा चुकी है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है लेकिन इस बात के साफ संकेत मिले है कि जिले से राजा कमलेश शाह को मंत्री बनाया जा सकता है। खबर है कि भोपाल से राजा को संदेश भी आया है। सूत्रों ने बताया कि राजा के साथ 5 और नए मंत्री मंत्रीमंडल में शामिल किए जा सकते है। यही वजह है कि भोपाल में तैयारियां तेज कर दी गई है। कहा ये भी जा रहा है कि जिन वरिष्ठ मंत्रियों को हटाने और विभाग बदलने की अटकलें चल रही थी वह खारिज कर दी गई है। सभी वरिष्ठ मंत्रियों के विभाग यथावत रखे जा सकते है। कुछ मंत्रियों को हटाए जाने की बात सामने आ रही है। इसमें वे मंत्री शामिल है जिनका परफारमेंस सही नहीं रहा। कुछ जूनियर मंत्रियों के नाम इसमें शामिल बताए जा रहे है। जानकार बताते है कि राजा कमलेश शाह ने पिछले दिनों भोपाल में पहुंचकर अपना पक्ष रखा था और वरिष्ठ नेताओं के साथ साथ सीएम और संगठन के पदाधिकारियों से चर्चा भी की थी, इसके बाद से उन्हें इस बात का आश्वासन दिया गया था कि जल्दी ही उन्हें मंत्री पद से नवाजा जा सकता है। इसके बाद से वे इंतजार में थे।
शाह ने दिया था शाह को आश्वासन
सूत्रों का कहना है कि चुनाव के दौरान जब वे भाजपा में शामिल हो रहे थे तब केंद्र के ग्रह मंत्री अमित शाह ने इस बात का आश्वासन दिया था कि वे उन्हें मंत्री बनवाऐंगे। इसके बाद से राजा कमलेश शाह आश्वस्त थे। हालांकि मंत्री पद के लिए हो रही देरी ने उन्हें परेशान जरुर किया था लेकिन इस बार भोपाल से आई बयार और संदेश ने साफ कर दिया है कि अब उनके सिर पर मंत्री का ताज नजर आ सकता है। उधर राजा के मंत्री बनने के बाद एक बार फिर जिले में भाजपा की राजनीति करवट बदलेगी। कयास ये लगाए जा रहे है कि उनके पावर में आने से कई समीकरणों में बदलाव होगा और कार्यकर्ताओं के साथ साथ नेताओं में भी हलचल तेज हो जाएगी। फिलहाल राजा मंत्रीमंडल विस्तार की राह देख रहे है।










