भोपाल: मध्यप्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर नामांकन भरने के अंतिम दिन हलचल तेज हो गई है। भाजपा के तीसरे प्रत्याशी महेश केवट के मैदान में आने के बाद कांग्रेस सकते में है। कांग्रेस नेता इस बात को लेकर घबराहट में है कि कहीं दूसरे राज्यों की तरह खेला न हो जाए। सूत्रों का कहना है कि तकरीबन दस से बारह विधायक भाजपा नेताओं के संपर्क में बने हुए है। भाजपा ने इन तमाम विधायकों को साध लिया है यही कारण है कि तीसरा प्रत्याशी मैदान में उतारा है। उधर सीएम ने भी इस बात पर सहमति जताई है कि महेश केवट को मैदान में यदि उतारा गया है तो सोच समझकर निर्णय लिया गया होगा। उधर कांग्रेस के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने अपना बयान जारी करते हुए कहा है कि भाजपा गलतफहमी में है। कोई भी विधायक क्रास वोटिंग नहीं करेगा। यही बात प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी ने भी दोहराई है। श्री चौधरी ने कहा कि भाजपा हार्स ट्रेडिंग जैसे काम कर रही है। भाजपा का काम लोकतंत्र को कमजोर करना है। उन्होने कहा कि उनके विधायकों को वे कहीं नहीं ले जा रहे, विधायक जहां चाहेंगे वहां वे जाऐंगे, इसमें किसी तरह से कोई पाबंदी नहीं है।
बाडेबंदी की तैयारी में कांग्रेस
कांग्रेस विधायकों के क्रास वोटिंग की खबर से नेता इस कदर विचलित हो गए कि बात बाडेबंदी तक पहुंच गई। कांग्रेस तमाम विधायकों को तेलंगाना या फिर कर्नाटक ले जा सकती है। इसके लिए आरिफ मसूद को दिल्ली भेजा गया है वे दिल्ली से तेलंगाना के लिए जा सकते है। सूत्रों का कहना है कि कांग्रेस इस बात से परेशान है कि कहीं कोई विधायक गडबड न कर दें। भाजपा जिस तरह से ताल ठोक रही है उससे कांग्रेस खेमे में जमकर खलबली मची हुई है। बहरहाल कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन भरने के बाद कांग्रेस अपने विधायकों को लेकर क्या रणनीति बनाएगी आने वाले समय में साफ हो जाएगा लेकिन वर्तमान में पार्टी भाजपा की रणनीति को लेकर परेशान जरुर नजर आ रही है।
मिशन दस दिन दस विधायक
सूत्र बताते है कि भाजपा ने मिशन दस दिन दस विधायक पर टारगेट करना शुरु किया है। इसी के चलते उसने इस बात की पूरी तैयारी की है कि उसे दस विधायकों के वोट चाहिए। बताया जा रहा है कि भाजपा के कुछ कद्दावर नेताओं को इसकी जवाबदारी भी दी गई है। वे कांग्रेस के कुछ विधायकों से संपर्क भी कर चुके है। हालांकि कांग्रेस इस बात से इंकार कर रही है लेकिन सूत्रों का कहना है कांग्रेस को एक बार फिर तगडा झटका लग सकता है।










