क्या संगठन से खफा है वरिष्ठ? अलग समूह बनाकर दे रहे संकेत, चिंता में भाजपा के नेता

छिंदवाडा: जिला भाजपा में सब कुछ ठीक चल रहा हो ऐसा कहना जरा मुश्किल है। कुछ दिनों से वरिष्ठ नेताओं के संगठन से किनारा करने की खबरें जोरों पर है। दरअसल ये चर्चा चलना इसलिए भी लाजमी है क्योंकि वरिष्ठ नेता संगठन के नेताओं के साथ नजर नहीं आते। केवल वही चेहरे दिखाई देते है जो शुरु से जुडे हुए है। सूत्रों का कहना है कि वरिष्ठ नेताओं ने अपना एक अलग समूह बनाकर रखा है। और वे एक साथ होकर अपना काम कर रहे है। वरिष्ठों का संगठन से किनारा करना भाजपा के कुछ नेताओं को नागवार गुजर रहा है। खबर है कि प्रशासन को भी इस बात के लिए कहा गया है कि अधिकारी वरिष्ठों का पूरा सम्मान करें। दिखाई भी देने लगा है। कुछ समय से सरकारी कार्यक्रमों में वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी देखने को मिल रही है। खबर है कि मामले की शिकायत संगठन के कुछ नेताओं ने आलाकमान से की थी लेकिन आलाकमान ने इसे सिरे से खारिज कर दिया। उधर वरिष्ठ नेताओं ने संगठन की कार्यशैली को लेकर अपनी नाराजी व्यक्त करना शुरु कर दिया है। जानकारी के अनुसार वरिष्ठ नेता इस बात से नाराज है कि संगठन के नेता लोगों की समस्याओं को नजरअंदाज कर रहे है। उधर भाजपा संगठन के नेताओं ने इस बात को पूरी तरह गलत बताया है।

  • रेत के खेल को लेकर सवाल

भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं का कहना है कि रेत के खेल को लेकर संगठन कोई कदम नहीं उठा रहा है। ऐसे में उसकी भूमिका संदिग्ध है। भाजपा के इन वरिष्ठ नेताओं के समूह ने इस बात को लेकर प्रशासन को भी चेतावनी दी है कि यदि कार्रवाई न हुई तो वे मुख्यमंत्री से सीधे बातचीत करेंगे। बहरहाल संगठन से वरिष्ठों की दूरी आने वाले समय में क्या रंग लाएगी, पता चलेगा। हालांकि भाजपा के शीर्षस्थ नेता इस बात से बेहद खफा है और वरिष्ठों से चर्चा करने की बात कह रहे है।